बदायूं
बदायूं में विधवा ने बेटे और पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप, सीएम पोर्टल पर की शिकायत।
पीड़िता ने कृषि भूमि पर कब्जा, घर से बेदखल करने और अश्लील वीडियो वायरल करने का आरोप लगाया।
बदायूं 16 सितंबर।
थाना सिविल लाइन क्षेत्र के ग्राम दहेमी निवासी विधवा महिला स्नेह लता पत्नी स्वर्गीय दुर्विजय सिंह ने पुलिस की कार्यशैली से परेशान होकर उत्तर प्रदेश जनसुनवाई समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली (मुख्यमंत्री पोर्टल) पर अपने ही बेटे और पुलिस के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़िता स्नेह लता के अनुसार उनका पुत्र शिवकुमार उझानी ब्लॉक में ब्लॉक मिशन मैनेजर के पद पर संविदा पर कार्यरत है। आरोप है कि पति की मृत्यु के बाद पति की कृषि भूमि उनके और शिवकुमार के नाम अंतरित हुई थी, लेकिन पूरी जमीन पर बेटे ने कब्जा कर रखा है और उन्हें उनका हिस्सा नहीं दिया जा रहा है।
स्नेह लता ने बताया कि वह अपने स्वर्गीय पति द्वारा बनवाए गए घर में रह रही हैं। आरोप है कि बेटा उन्हें पागल साबित कर घर से निकालना और संपत्ति हथियाना चाहता है। शिकायत के मुताबिक 6 अप्रैल 2026 को बेटे ने मारपीट कर घर से निकाल दिया था, जिसकी शिकायत पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद 6 जून 2026 को शाम करीब साढ़े आठ बजे बेटे ने लोहे की रॉड से उन पर जानलेवा हमला कर दिया।
पीड़िता का आरोप है कि उसी दिन थाना सिविल लाइन पुलिस ने उनका मेडिकल जिला अस्पताल बदायूं में कराया, लेकिन मुकदमा दो दिन बाद 8 जून 2026 को अपराध संख्या 210/2026 धारा 115(2), 351(2) बीएनएस के तहत हल्की धाराओं में दर्ज किया गया। विवेचक सरिता चौधरी पर साठगांठ कर अंतिम आख्या लगा देने का आरोप लगाया गया है। पीड़िता का कहना है कि उन्होंने सभी दस्तावेजी साक्ष्य विवेचक को दिए थे, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
स्नेह लता ने यह भी आरोप लगाया है कि बेटे ने उनके कमरे में ताला डालकर घर में आना-जाना बंद कर दिया है और घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का मुंह शौचालय और बाथरूम की तरफ कर गुप्त तरीके से उनकी अश्लील फोटो-वीडियो रिकॉर्ड कर गांव के ही एक व्यक्ति सत्यवान पुत्र डाकन सिंह के माध्यम से उन्हें पागल बताकर वायरल किया जा रहा है, जिससे वह अत्यंत अपमानित और मानसिक तनाव में हैं।
पीड़िता ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर घर का ताला खुलवाने, कृषि भूमि को कब्जा मुक्त कराने और वायरल वीडियो-फोटो डिलीट कराने तथा आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा है कि यदि न्याय नहीं मिला तो वह मुख्यमंत्री जनता दरबार में जाकर अपनी बात रखेंगी।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


