2:51 pm Wednesday , 16 September 2026
BREAKING NEWS

बिल्सी: 20 लाख खर्च कर की बेटी की शादी, 10 लाख और दहेज न मिलने पर बहू को बाथरूम में घुसकर पीटा, फटे कपड़ों में मिली बेटी।

बिल्सी, बदायूँ 16 सितंबर ।

दहेज की हवस में ससुरालियों की हैवानियत का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बिल्सी कस्बे की एक माँ ने आरोप लगाया है कि बरेली के ससुरालियों ने 20 लाख रुपये की शादी के बाद भी व्यापार के नाम पर 10 लाख रुपये और दहेज की मांग पूरी न होने पर उसकी बेटी को बाथरूम तक में घुसकर लात-घूसों से पीटा और घर से बाहर निकाल दिया।

पीड़िता अनीता सक्सेना निवासी मोहल्ला नं0-1, कस्बा व थाना बिल्सी ने प्रभारी निरीक्षक बिल्सी को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी दीपाली सक्सेना की शादी 21 अप्रैल 2025 को उत्कर्ष सक्सेना पुत्र प्रहलाद सक्सेना, निवासी वग्गा कॉलोनी, होली चौक, थाना सुभाष नगर, बरेली के साथ हिंदू रीति-रिवाज से की थी। माँ का आरोप है कि शादी में उन्होंने हैसियत से अधिक करीब 20 लाख रुपये खर्च किए थे।

शादी के बाद से ही पति उत्कर्ष, सास सीमा सक्सेना, देवर स्पर्श उर्फ मनी और परिवार के अन्य लोग दिये गये उपहारों से संतुष्ट नहीं थे। आरोप है कि व्यापार करने के लिए 10 लाख रुपये और लाने को लेकर बेटी के साथ रोजाना मारपीट और गाली-गलौज कर घरेलू हिंसा की जा रही थी। बेटी घर न टूटे इसलिए सब सहती रही।

तहरीर के मुताबिक 29 जुलाई को ससुराल में मथुरा वाले मौसा-मौसी, संदीप सक्सेना व अंशु सक्सेना आए हुए थे। इसी दौरान पति, सास और देवर ने पीड़िता को बुलाकर कहा कि बेटा व्यापार करना चाहता है, अपने घर से 10 लाख लेकर आओ। जब बेटी ने कहा कि पिता का स्वर्गवास हो चुका है और माँ पहले ही 20 लाख खर्च कर चुकी है, इतना पैसा कहाँ से लाएंगे, तो सुबह करीब 11 बजे सभी ने गंदी-गंदी गालियां देते हुए लात-घूसों से मारना शुरू कर दिया।

किसी तरह जान बचाकर बेटी बाथरूम में बंद हो गई और 112 नंबर पर पुलिस को और अपनी माँ-मौसी को फोन कर घटना बताई। आरोप है कि ससुरालियों ने जबरदस्ती बाथरूम में घुसकर फिर पीटा और धमकी दी – पैसा लेकर आएगी तो यहाँ रहेगी, वरना मारकर दूसरी शादी करा देंगे। फिर फोन छीनकर घर से बाहर निकाल दिया।

जब माँ अपनी बहन संतोष सक्सेना के साथ बरेली पहुंची तो ससुरालियों ने कहा कि वह बिना बताए कहीं चली गई है। काफी तलाश के बाद बेटी उत्कर्ष के मामा विपिन सक्सेना के घर, निकट तपेश्वर नाथ मंदिर, बरेली में एक कमरे में बैठाई हुई मिली। माँ का आरोप है कि बेटी फटे हुए कपड़ों में थी। 1 अगस्त को वह उसे वहाँ से निकालकर बिल्सी लाई और इलाज कराया। अब पति फोन पर बेटे-बेटी को जान से मारने की धमकी दे रहा है।

प्रार्थना पत्र के आधार पर थाना बिल्सी पुलिस ने संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक रचना देशवाल को सौंपी गई है।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन एक्सप्रेस