हिंदी दिवस पर बच्चों ने प्रस्तुत कीं सुंदर कविताएं
बिल्सी। तहसील क्षेत्र के गांव गुधनी स्थित प्रज्ञा यज्ञ मंदिर पर सोमवार की शाम आर्य संस्कारशाला के बच्चों ने हिंदी दिवस उत्साहपूर्वक मनाया। कार्यक्रम में बच्चों ने हिंदी भाषा के महत्व और उसकी विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए कविताएं प्रस्तुत कीं। उर्वशी आर्य, अनन्या, आस्था और राधिका ने सुंदर हिंदी कविताएं प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। आचार्या तृप्ति आर्य ने कहा कि हिंदी केवल भाषा नहीं, बल्कि अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम है। इसकी सरलता और वैज्ञानिकता इसकी प्रमुख विशेषता है।
वैदिक विद्वान आचार्य संजीव रूप ने कहा कि हिंदी हमारी संस्कृति, संस्कार और विचारों को जन-जन तक पहुंचाने वाली सशक्त भाषा है। हिंदी को केवल हिंदी दिवस तक सीमित न रखकर दैनिक व्यवहार में भी इसका अधिकाधिक प्रयोग करना चाहिए। बच्चों में हिंदी के प्रति प्रेम और गौरव का भाव जगाना सभी की जिम्मेदारी है। अंत में बच्चों को हिंदी के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के लिए प्रेरित किया गया।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


