जर्जर बिजली लाइन से मोहल्ला आठ के लोग परेशान
बिल्सी। नगर के मोहल्ला संख्या आठ में बिजली की पुरानी और जर्जर लाइन लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। आए दिन लाइन में फॉल्ट होने से कई-कई घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। शनिवार रात भी जर्जर लाइन में फॉल्ट होने से पूरी रात बिजली गुल रही। स्थानीय निवासी गिरिराज किशोर वार्ष्णेय ने बताया कि रात में लाइन में फॉल्ट होने के बाद बिजली आपूर्ति बंद हो गई। पूरी रात बिजली न आने से लोगों को गर्मी में परेशानी का सामना करना पड़ा। रफीक अहमद ने बताया कि जर्जर लाइन बदलवाने के लिए कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। मुबीन राईन ने बताया कि फॉल्ट होने पर लाइनमैनों को फोन किया जाता है, लेकिन वह कई-कई घंटे बाद मौके पर पहुंचते हैं। इससे मोहल्ले के लोगों को काफी परेशानी होती है। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से जर्जर लाइन को जल्द बदलवाने और आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


