कलेजा चीर देगी ये कहानी: जिस बेटे को उंगली पकड़कर चलना सिखाया, उसी ने बाप को घर से निकाल दर-दर का बना दिया….
प्रीमियर नगर के बुजुर्ग ताला कारोबारी की आंखों में आंसू, बोले- बेटा-बहू संपत्ति के लिए जीना दूभर कर रहे हैं, भाई के दरवाजे पर मांग रहा हूं दो रोटी।
अलीगढ़ 13 सितंबर ।
बाप ने बेटे को पाल-पोस कर बड़ा किया, इस उम्मीद में कि बुढ़ापे में वही लाठी बनेगा। लेकिन अलीगढ़ प्रीमियर नगर में इससे उलट एक ऐसी शर्मनाक और दिल दहला देने वाली कहानी सामने आई है, जिसे सुनकर हर किसी का कलेजा फट जाएगा।
ताला नगरी के वरिष्ठ कारोबारी राकेश कुमार गुप्ता आज अपने ही आशियाने से बेघर हैं। आरोप है कि उनके सगे बेटे विकास और पुत्रवधू कंचन ने संपत्ति की हवस में उन्हें धक्के मारकर घर से बाहर निकाल दिया।
बात करते हुए बुजुर्ग कारोबारी की आंखें भर आईं। रुंधे गले से बोले – “जिस बेटे को गोद में खिलाया, पढ़ा-लिखाकर काबिल बनाया, आज वही अपनी पत्नी और उसके भाई जितेंद्र के साथ मिलकर मेरी जान का दुश्मन बन गया है। झूठे, मनगढ़ंत आरोप लगाकर पूरे समाज में मेरी पगड़ी उछाल रहा है। मेरी पत्नी के जेवर तक छीनने की कोशिश हो रही है।
पीड़ित का दर्द यहीं खत्म नहीं होता। वह बताते हैं कि घर से निकाले जाने के बाद वह अपने भाई और परिचितों के यहां जाकर एक वक्त की रोटी के लिए मोहताज हैं। दिन-रात आंसुओं में कट रहे हैं। इतना ही नहीं, एक दिव्यांग बेटी की जिम्मेदारी भी अकेले उन्हीं के कंधों पर है।
सोशल मीडिया पर झूठी और भ्रामक बातें फैलाकर उन्हें बदनाम करने की साजिश रची जा रही है। मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना चरम पर है।
अपने ही बेटे के जुल्म से टूटे इस पिता ने अब शासन-प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने जिलाधिकारी, एसएसपी और निर्भया सेल में लिखित शिकायत देकर अपनी जान-माल की सुरक्षा और इंसाफ की मांग की है।
स्थानीय लोगों में भी इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यह सिर्फ एक परिवार का मामला नहीं, बल्कि समाज के लिए एक शर्मनाक आईना है।
वार्ष्णेय सभा,बारहसैनी महासभा ने भी जिलाधिकारी से मांग की है कि निर्दयी बेटे बहू पर कार्रवाई की जाऐ, इससे एक मिसाल कायम हो ताकि आगे कोई ऐसा करने का साहस ना जुटा सके।
> ये अलीगढ़ में पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी हार्डवेयर निर्यातक समेत कई बुजुर्गों को इसी तरह संपत्ति के लिए घर से बेघर किया जा चुका है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


