3:54 pm Saturday , 12 September 2026
BREAKING NEWS

बदायूं में 35 हजार लोगों के 800 करोड़ डकारने वाले सगे भाइयों पर अब लगेगा गैंगस्टर

बदायूं में 35 हजार लोगों के 800 करोड़ डकारने वाले सगे भाइयों पर अब लगेगा गैंगस्टर!

बदायूं 12 सितंबर।

जिले के सबसे बड़े चिटफंड घोटाले में जेल में बंद सगे भाई सूर्यकांत और शशिकांत मौर्य की मुश्किलें और बढ़ने वाली हैं। पुलिस अब दोनों पर गैंगस्टर की कार्रवाई करने जा रही है।

एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि अशोक सम्राट नगर निवासी दोनों भाइयों ने जालंधरी सराय में अमर ज्योति कंपनी लिमिटेड और अमर ज्योति यूनिवर्स निधि लिमिटेड और बरेली के कटरा चांद खां में अमर ज्योति रुहेलखंड और अमर ज्योति हायर परचेज के नाम से चार चिटफंड कंपनियां खोली थीं।

भोले-भाले 35 हजार लोगों से करीब 800 करोड़ रुपये ठगने के बाद दोनों भाई फरार हो गए थे। खुद को हाईकोर्ट में दिवालिया तक घोषित करा लिया था।

आरोपियों पर बदायूं में 5 और बरेली में 4 समेत कुल 9 केस दर्ज हैं। बदायूं के कोतवाली में दर्ज तीन केसों में चार्जशीट कोर्ट में दाखिल हो चुकी है, दो में विवेचना चल रही है। चार्जशीट लगते ही गैंगस्टर की कार्रवाई होगी।

लखनऊ के आलमबाग से दबोचे गए थे
7 सितंबर को बदायूं पुलिस ने एसटीएफ गौतमबुद्धनगर के साथ लखनऊ के आलमबाग के एक फ्लैट में छापा मारकर दोनों को दबोचा था। लैपटॉप, डायरी और कई अहम दस्तावेज बरामद हुए थे।

अब बरेली पुलिस भी बी-वारंट पर लाने के लिए कोर्ट में अर्जी लगा चुकी है, सोमवार को CJM कोर्ट में सुनवाई हो सकती है। वहीं तीसरा भाई श्रीकांत, सूर्यकांत की पत्नी अर्चना मौर्य और विशुकांत अभी भी फरार हैं। बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर और उत्तराखंड में उनकी संपत्तियों की तलाश जारी है।

विज्ञापन एक्सप्रेस