11:37 pm Friday , 11 September 2026
BREAKING NEWS

मारपीट में घायल किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

मारपीट में घायल किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
बिल्सी। कोतवाली क्षेत्र के बरनी ढकपुरा गांव में मारपीट में घायल 14 वर्षीय किशोरी शिवानी पुत्री सिध्दार्थ की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों के अनुसार 13 अगस्त की शाम परिवार घर पर खाना खाने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर पड़ोस के कुछ लोग लाठी-डंडे लेकर घर में पहुंच गए। आरोप है कि हमलावरों ने परिवार के साथ मारपीट शुरू कर दी।
चीख-पुकार सुनकर किशोरी परिजनों को बचाने पहुंची तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। इससे वह घायल होकर बेहोश हो गई। परिजन उसे लेकर कोतवाली पहुंचे, लेकिन उनका आरोप है कि वहां उसका मेडिकल परीक्षण नहीं कराया गया। इसके बाद परिजनों ने जिला अस्पताल में उसका मेडिकल कराया और विभिन्न स्थानों पर उपचार कराया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
हालत में सुधार नहीं होने पर परिजनों ने उसे दोबारा जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां देर रात उसकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने मामले में कार्रवाई की मांग की है। इधर, सीओ आलोक सिद्धू ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। फिलहाल पुलिस जांच करने में जुट गई है।

विज्ञापन एक्सप्रेस