स्वास्थ्य शिविर में 504 नए मरीजों की जांच, 110 आयुष्मान कार्ड बने
विधायक हरीश शाक्य ने फीता काटकर किया शिविर का उद्घाटन
बिल्सी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर बृहस्पतिवार को मेगा स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। इसमें आयुष्मान कार्ड बनाने, निशुल्क स्वास्थ्य जांच, रक्तदान और एचपीवी टीकाकरण सहित कई जनहितकारी कार्यक्रम एक साथ कराए गए। शिविर में सुबह से ही क्षेत्र के लोगों की भीड़ जुटने लगी। शिविर का उद्घाटन विधायक हरीश शाक्य ने फीता काटकर किया।
शिविर में 504 नए मरीजों और 210 पुराने मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई। चिकित्सकों ने मरीजों को परामर्श देने के साथ आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध कराईं। 70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड बनाने पर विशेष जोर दिया गया। शिविर में कुल 110 आयुष्मान कार्ड बनाए गए। इसके अलावा 60 लोगों का एचपीवी टीकाकरण किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं और बीमारियों से बचाव के संबंध में जानकारी दी।
सीएचसी परिसर में लगाए गए रक्तदान शिविर में युवाओं और समाजसेवियों ने उत्साह के साथ स्वेच्छा से 18 लोगों ने रक्तदान किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास शर्मा ने बताया कि सीएचसी पर एक साथ कई जनहितकारी कार्यक्रम संचालित किए गए। इनमें निशुल्क स्वास्थ्य जांच, आयुष्मान कार्ड बनाने, रक्तदान और एचपीवी टीकाकरण शामिल रहे। उन्होंने कहा कि शिविर का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
इस दौरान पूर्व चैयरमेन ओमप्रकाश सागर, सीएचसी प्रभारी डा.अनिल कुमार गुप्ता, डॉ. उमेंद्र गुप्ता, डा.राजाबाबू वाष्र्णेय, आचार्य संजीव रुप, दीपक चौहान, आदित्य माहेश्वरी, मधुप राठी, महेश शर्मा, मोहित गुप्ता, चंद्रसेन माहेश्वरी, राहुल सोलंकी, अवधेश लड्डा, टीटू जैन, प्रतीक्षा भारद्वाज और सुमन शर्मा आदि मौजूद रहे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


