उझानी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर की पत्नी की संदिग्ध मौत, दहेज हत्या का आरोप – ससुराल वाले फरार।
बदायूँ 10 सितंबर ।
बुधवार रात श्रीनारायणगंज मोहल्ले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। सॉफ्टवेयर इंजीनियर की पत्नी नीतू साहू 30 वर्ष की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मायके पक्ष ने पति समेत 4 लोगों पर दहेज के लिए हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। घटना के बाद से ससुराल पक्ष घर में ताला लगाकर फरार है।
मृतका नीतू साहू रामलीला मैदान के पास रहने वाले सॉफ्टवेयर इंजीनियर विशाल की पत्नी थीं। शादी करीब 4 साल पहले हुई थी और उनका 2 साल का एक बेटा भी है। नीतू का मायका कासगंज में सोरों गेट के पास जय जयराम मोहल्ले मोहल्ले में है।
पिता विनोद कुमार ने पुलिस को बताया कि विशाल और उसके परिजन दहेज से संतुष्ट नहीं थे। आरोप है कि वे हरियाणा के गुरुग्राम में फ्लैट दिलाने के लिए लगातार रुपयों की मांग करते थे और नीतू को प्रताड़ित करते थे।
परिजनों ने बताया कि जब नीतू ने उत्पीड़न की बात बताई तो रिश्तेदारों ने उझानी आकर पंचायत भी की, लेकिन आरोपियों पर कोई असर नहीं पड़ा।
बताया जा रहा है कि नीतू के बेटे का इस सप्ताह जन्मदिन कार्यक्रम होना था। कार्यक्रम में किसे बुलाना है और खर्च को लेकर भी विवाद चल रहा।
आरोप है कि बुधवार रात पहले नीतू की पिटाई की गई, फिर उसे फंदे पर लटका दिया गया। हालांकि ससुराल पक्ष के लोग उसे नाजुक हालत में लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज भी पहुंचे, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही वहां से खिसक गए।
सूचना पर पुलिस आरोपियों के घर पहुंची तो दरवाजे पर ताला लटका मिला। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कराए हैं।
इंस्पेक्टर उझानी धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस को अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


