1:30 am Wednesday , 9 September 2026
BREAKING NEWS

बिल्सी-खितौरा मार्ग पर कूड़ा डंप होने से राहगीर परेशान

बिल्सी-खितौरा मार्ग पर कूड़ा डंप होने से राहगीर परेशान
बरनी गांव के लोगों ने डीएम से लगाई गुहार
बिल्सी। बदायूं-बिजनौर हाईवे से खितौरा जाने वाले संपर्क मार्ग पर नगर पालिका परिषद द्वारा कूड़ा डंप किए जाने से ग्रामीणों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग पर कूड़े के बड़े-बड़े ढेर लगने से आवागमन प्रभावित हो गया है। बदबू और गंदगी के कारण लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है। नगर से प्रतिदिन मॉर्निंग वॉक के लिए इस मार्ग का उपयोग करने वाले लोगों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गांव बरनी के ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग खितौरा समेत आसपास के कई गांवों को जोड़ता है, लेकिन लंबे समय से यहां कूड़ा डाला जा रहा है। कई बार नगर पालिका प्रशासन से शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं कराया गया। कूड़े के ढेर के कारण बरसात में हालात और अधिक खराब हो जाते हैं तथा संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना रहता है। लोगों ने आरोप लगाया कि नगर पालिका की लापरवाही से आमजन का जीवन प्रभावित हो रहा है। गांव बरनी निवासी ऋषिदेव, धीरजपाल, देवेश, सतीश, विकास, ओमवीर, टिकम सिंह, महेश, तिलक सिंह, रामपाल, शिशपाल, फूलसिंह, अशोक कुमार, रणधीर माथुर सहित दर्जनों ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मार्ग पर डंप किया गया कूड़ा तत्काल हटवाने तथा भविष्य में यहां कूड़ा न डलवाने की मांग की है। इधर पालिका के ईओ वेदप्रकाश यादव ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। कूड़ा निस्तारण के लिए योजना बनाकर शासन को भेजी जा चुकी है। स्वीकृति मिलते ही शीघ्र इसका समाधान कर दिया जाएगा।

विज्ञापन एक्सप्रेस