1:39 pm Tuesday , 8 September 2026
BREAKING NEWS

बागपत हादसा- डीएम-एसएसपी ने बंधाया ढांढस, 7 अर्थियां उठीं तो दहला गांव

बागपत हादसा- डीएम-एसएसपी ने बंधाया ढांढस, 7 अर्थियां उठीं तो दहला गांव
उझानी-बदायूं 8 सितंबर।

बागपत में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने बदायूं के अल्लापुर चमारी गांव से सात जिंदगियां एक साथ छीन लीं। इस हादसे के बाद मंगलवार का दिन इस गांव के लिए कयामत बनकर आया। सुबह 10 बजते ही जब गांव से एक साथ सात अर्थियां उठीं तो पूरा गांव दहल उठा। हर गली, हर घर से सिर्फ चीत्कार और करुण रुदन की आवाजें आ रही थीं। जवान बेटों, परिवार के मुखियाओं की अर्थियों को कंधा देते वक्त परिजनों के पैर लड़खड़ा रहे थे। यह मंजर इतना मार्मिक था कि वहां मौजूद हर शख्स की आंखें छलक पड़ीं। भारी मन से सभी मृतकों को मोक्ष के लिए कछला स्थित गंगा के मोक्षदायिनी तट पर ले जाया गया, जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए आज सुबह जिलाधिकारी अवनीश राय और एसएसपी अंकिता शर्मा खुद अल्लापुर भोगी और चेतूनगला गांव पहुंचे। उन्होंने शोक में डूबे, बिलखते परिजनों के बीच बैठकर उन्हें ढांढस बंधाया। डीएम ने कहा कि यह बेहद दुखद घड़ी है, प्रशासन परिवारों के साथ खड़ा है। उन्होंने शासन से मिलने वाली आर्थिक सहायता और अन्य सभी मदद शीघ्र दिलाने का ठोस आश्वासन दिया। अधिकारियों के पहुंचने से परिजनों को थोड़ी हिम्मत मिली।

वहीं इस दुखद घड़ी में गांव पहुंचकर भाजपा के जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता, सपा जिलाध्यक्ष आशीष यादव, पूर्व विधायक धर्मेन्द्र शाक्य, भाजपा नेता हरवंश यादव पहलवान आदि ने शोक संतप्त परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया और इस कठिन समय में हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।

फिलहाल पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस