बागपत हादसा: बदायूं के 13 श्रद्धालुओं की मौत; दिल्ली व मेरठ मेडिकल कॉलेज में चल रहा घायलों का इलाज।
बागपत/ बदांयू 8 सितंबर।
बागपत के बड़ागांव के पास ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर रविवार रात करीब डेढ़ बजे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप हादसे का शिकार हो गई। राजस्थान के गोगामेड़ी बागड़ धाम से बदायूं लौट रही पिकअप कैंटर की साइड लगने से अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में एक 2 साल की बच्ची समेत 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 23 घायल हैं। सभी घायलों का जिला अस्पताल बागपत, मेरठ मेडिकल कॉलेज और दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख और घायलों को 50-50 हजार की मदद के निर्देश दिए हैं।
बदायूं जिले के निजामपुर के रहने वाले कुंवरपाल ने बताया कि अल्लापुर चमारी, सरैय्या, चेतु नंगला, मदारपुर उस्मानपुर, निजामपुर, गौसपुर बिनावर और रसूलपुर समेत कई गांवों के 35 श्रद्धालु 2 सितंबर को पिकअप गाड़ी में राजस्थान के हनुमानगढ़ में गोगामेड़ी के बागड़ धाम मंदिर में गए थे। धाम में दर्शन और पूजा करने के बाद रविवार सुबह नौ बजे वापस चल दिए। पिकअप को अरुण निवासी अल्लापुर चला रहा था। बड़ागांव के पास पहुंचते ही कैंटर ने साइड मार दी।
हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को बाहर निकाला। शुरुआत में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, बाद में मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान एक बच्ची व उसके भाई समेत सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी, भाई-बहन और दो सगे भाई हैं, कई मृतक एक ही परिवार के हैं।
इनकी हुई मौत, सभी बदायूं के रहने वाले –
मुन्नी (55) पत्नी जयसिंह उर्फ साधु अल्लापुर चमारी, जयसिंह उर्फ साधु (60) पुत्र मुंशी, प्रेमसिंह (55) पुत्र मुंशी अल्लापुर चमारी, दीक्षा (2) पुत्री विकास सरैय्या, सौरभ (4) पुत्र विकास सरैय्या, मूर्ति देवी (60) पत्नी थान सिंह अल्लापुर चमारी, भगवती (45) पत्नी छत्रपाल अल्लापुर चमारी, मुनीम (45) पुत्र आनंद कुमार गौसपुर बिनावर, जितेंद्र (10) पुत्र नैनपाल अल्लापुर चमारी, रामेश्वर (80) पुत्र शिवदास अल्लापुर चमारी, बेगमवती (60) पत्नी मुन्नालाल निजामपुर, सुगमपाल (35) पुत्र नेत्रपाल चेतू नंगला, अवनीश (35) पुत्र साहब सिंह अल्लापुर चमारी।
मेरठ मेडिकल में भर्ती हैं सबसे ज्यादा गंभीर-
घायलों में महेशो देवी, दिलीप, खुशी, यादराम, प्रेमवती, सोनी, विपिन, गोपाल, अखिलेश, सिंधु, कल्लो, अनमोल, अरुण, सुल्तानश्री, निजामपुर निवासी प्रदीप, कुंवरपाल, निखिल, आनंद समेत 23 लोग शामिल हैं। इनका जिला अस्पताल बागपत, मेरठ मेडिकल कॉलेज व दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में उपचार चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक मेरठ मेडिकल में भर्ती कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही बागपत की डीएम अस्मिता लाल और एसपी सूरज कुमार राय रात में ही जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। वहीं सोमवार को एडीजी भानु भास्कर और डीआईजी कलानिधि नैथानी ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना।
ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर कैंटर से साइड लगने के बाद डिवाइडर से टकराकर पिकअप गाड़ी पलट गई। घायलों का जिला अस्पताल, मेरठ मेडिकल कॉलेज व दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। इसमें जिसकी भी गलती है, उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
-भानु भास्कर, एडीजी।






bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


