बिल्सी। नगर के जैन धर्म का महापर्व पर्युषण पर्व 16 सितंबर से श्रद्धा और भक्ति के साथ शुरू होगा। सकल दिगंबर जैन समाज की ओर से श्री चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर में दस धर्मों के इस पावन पर्व का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान जैन समाज के लोग त्याग, तपस्या, व्रत, संयम और पूजा-अर्चना के माध्यम से पर्व मनाएंगे। पर्युषण पर्व में उत्तम क्षमा, मार्दव, आर्जव, सत्य, शौच, संयम, तप, त्याग, आकिंचन और ब्रह्मचर्य दस धर्मों का पालन किया जाएगा। प्रतिदिन सुबह श्रीजी का नमन, शांतिधारा और पूजन होगा। वहीं शाम को आरती, भक्ति संध्या और वीरांगना मंडल की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि पर्व के दौरान श्रद्धालु धार्मिक अनुष्ठानों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे। 26 सितंबर को श्रीजी की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद क्षमावाणी पर्व के साथ पर्युषण पर्व का समापन होगा। कार्यक्रम को लेकर जैन समाज में उत्साह का माहौल है। अध्यक्ष मृगांक जैन, मंत्री श्री अनिल कुमार जैन एवं सकल दिगंबर जैन समाज ने सभी श्रद्धालुओं से पर्व में सहभागिता करने की अपील की है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


