7:09 pm Sunday , 6 September 2026
BREAKING NEWS

दलितों को न्याय के लिए संघर्ष जारी रहेगा – अजीत यादव

#जिला जेल में बंद कांग्रेसियों के साथ बदसलूकी और दलितों पर अत्याचार के खिलाफ कांग्रेसियों ने किया विरोध प्रदर्शन
#जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा । शनिवार को जेल से रिहा होने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बताई थी आपबीती।
# दलितों को न्याय के लिए संघर्ष जारी रहेगा – अजीत यादव
————————————————————————–
बदायूँ। 06 सितंबर। गिरफ्तारी , हाउस अरेस्ट और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जेल भेजे जाने से कांग्रेसी डरने वाले नहीं हैं। बदायूँ में दलितों को न्याय के लिए कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।
उक्त बातें कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने आज नेकपुर में जिला कांग्रेस कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन के दौरान कहीं। जिला जेल में बंद रहे तीन कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ जेल में हुई बदसलूकी और दलितों पर जारी अत्याचार के विरोध में शनिवार को कांग्रेसियों ने विरोध प्रदर्शन किया। नेकपुर स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय से जैसे ही कांग्रेसी जिला जेल की ओर आगे बढ़े भारी पुलिस बल लगाकर प्रशासन ने रोक दिया। कांग्रेसी जेल अधीक्षक से वार्ता करने जाना चाहते थे। रोके जाने पर कांग्रेसियों का विरोध प्रदर्शन वहीं जारी रहा। बाद में प्रदर्शन स्थल पर नायब तहसीलदार सृजन यादव ने आकर जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन लिया।
ज्ञापन में कहा गया कि दातागंज कोतवाली में पुलिस हिरासत में मरे दलित राजेश कोरी की विधवा रूपवती कोरी न्याय की मांग को लेकर 03 सितंबर 2026 को अटसेना गांव में अम्बेडकर प्रतिमा के सामने धरने पर बैठी थीं ,उनका समर्थन करने गए कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव और तीन कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। अजीत यादव को बिनावर थाने में निरुद्ध कर नेकपुर स्थित आवास पर हाउस अरेस्ट कर दिया । तीन कांग्रेस कार्यकर्ताओं यूथ कांग्रेस दातागंज ब्लॉक अध्यक्ष विजय बहादुर , सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष नवनीत यादव और ड्राइवर सुभाष जाटव को बदायूँ जिला जेल भेज दिया था। उनके साथ जिला जेल में 03 सितंबर की रात को बदसलूकी की गई। ज्ञापन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बदसलूकी करने के दोषियों पर कार्यवाही की मांग की गई।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने कहा कि भाजपा सरकार दलितों पर अत्याचार कर रही है। दातागंज कोतवाली में पुलिस हिरासत में दलित युवक राजेश कोरी की मौत हो गई। भाजपा सरकार राजेश कोरी की मौत की न्यायिक जांच कराने और उसकी विधवा रूपवती कोरी को सरकारी नौकरी व मुआवजा देने को तैयार नहीं है। न्याय मांग रही रूपवती कोरी की आवाज को भाजपा पुलिस के बल पर दबा रही है। कहा कि भाजपा सरकार ने संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ 0भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा लगाने को अपराध घोषित कर सीकरी गांव में मुकदमा लगाकर जाटव समाज के दर्जन भर भाइयों बहनों को जेल भेज दिया है।उन्होंने कहा कि दलितों की आवाज उठाने के चलते कांग्रेसियों पर भाजपा सरकार पुलिस दमन करवा रही है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने कहा कि 2027 में कांग्रेस के समर्थन से बनने वाली प्रदेश सरकार में सीकरी गांव में जाटव समाज पर लगा मुकदमा वापस लिया जाएगा , बाबा साहब डॉ 0 अम्बेडकर की प्रतिमा हटाए गये स्थान पर सम्मानपूर्वक लगाई जाएगी। दातागंज पुलिस हिरासत में हुई राजेश कोरी की मौत की न्यायिक जांच कराई जाएगी और उसकी विधवा रूपवती कोरी को सरकारी नौकरी और आवास व मुआवजा दिया जायेगा।
उन्होंने लगातार जारी हाउस अरेस्ट की निंदा करते हुए इसे लोकतंत्र की हत्या बताते हुए कहा भाजपा जनपद में उनके द्वारा जारी आंदोलनों और जनसमर्थन से डर गई है। उन्होंने सोमवार को दातागंज विधानसभा के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने का ऐलान किया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष दीपक मिश्रा, जिला सचिव मोरध्वज लोधी, कांग्रेस विधि विभाग के जिलाध्यक्ष सूरज पाल सोलंकी, उपाध्यक्ष गोपाल पांडेय, एससी कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष मुनेंद्र कन्नौजिया, जिला सचिव मंजेश यादव, यूथ कांग्रेस दातागंज ब्लॉक अध्यक्ष विजय बहादुर, सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष नवनीत यादव, खुशीराम , जतन पाल समेत दर्जनों कांग्रेसी मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस