6:36 pm Sunday , 6 September 2026
BREAKING NEWS

शिक्षक राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव : महेश चंद्र गुप्ता

शिक्षक राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव : महेश चंद्र गुप्ता
शिक्षक दिवस पर उत्कृष्ट शिक्षकों को विधायक ने किया सम्मानित
कैंप कार्यालय पर आयोजित हुआ सम्मान समारोह
बदायूं। शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर शहर विधायक एवं पूर्व राज्य मंत्री महेश चंद्र गुप्ता ने बदायूं विधानसभा क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को कैंप कार्यालय पर आयोजित सम्मान समारोह में स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान करने का कार्य नहीं करते, बल्कि उनके संस्कार, व्यक्तित्व और भविष्य को दिशा देने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव तैयार करते हैं। शिक्षक समाज का सबसे सम्मानित और महत्वपूर्ण वर्ग है। भावी पीढ़ी को ज्ञान, संस्कार और जीवन-मूल्यों से समृद्ध करने में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों द्वारा किए जा रहे अथक प्रयासों का परिणाम है कि आज प्रदेश के परिषदीय विद्यालय शिक्षा, अनुशासन, नवाचार और बेहतर शैक्षणिक वातावरण के मामले में किसी भी कॉन्वेंट स्कूल से पीछे नहीं हैं। शिक्षकों की मेहनत और समर्पण से सरकारी विद्यालयों के प्रति अभिभावकों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है।
कार्यक्रम में टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय सचिव, प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय प्रचार मंत्री एवं जिला अध्यक्ष संजीव शर्मा ने शिक्षकों की ओर से विभिन्न मांगें विधायक के समक्ष रखीं। उन्होंने कहा कि सही मायने में शिक्षकों का सम्मान तभी होगा, जब प्रदेश के सभी शिक्षकों को टीईटी परीक्षा की अनिवार्यता से मुक्ति दिलाई जाए। इस पर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने शिक्षकों को भरोसा दिलाया कि उनकी मांग को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा।
सम्मान समारोह के दौरान विधायक ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक अरुण यादव,पारुल सागर,सूर्य प्रताप शर्मा,सलमान खान, अमित कुमार, रजनीश कुमार सक्सेना, वीरेंद्र कुमार, आयुषी पाराशरी, अतुल, राजीव कुमार, रमन सिंह, पंकज पाठक सहित दर्जनों शिक्षकों को शाल ओढ़ाकर एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।
विधायक ने कहा कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और सशक्त राष्ट्र के निर्माण के लिए शिक्षक जिस निष्ठा, समर्पण और भगीरथ प्रयास के साथ कार्य कर रहे हैं, वह निश्चित रूप से अभिनंदनीय है। उन्होंने सभी शिक्षकों के उत्तम स्वास्थ्य, सुखद जीवन एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस मौके पर भाजपा जिला मंत्री विश्वजीत गुप्ता, पूर्व जिला उपाध्यक्ष सोबरन सिंह राजपूत, प्रदीप गुप्ता, सोनी गुप्ता सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस