बदायूं
सामाजिक समरसता से मजबूत होगा दातागंज, मुस्लिम समाज के प्रबुद्धजनों से विधायक बब्बू भैया ने किया संवाद
केशव गुप्ता
दातागंज। दातागंज में रविवार को आयोजित ‘सामाजिक समरसता संगोष्ठी’ में दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह उर्फ बब्बू भैया ने मुस्लिम समाज के सम्मानित एवं प्रबुद्धजनों के साथ सहभागिता की। इस दौरान क्षेत्र के विकास, आपसी सौहार्द और सामाजिक समरसता को लेकर संवाद किया गया।
विधायक राजीव कुमार सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के संकल्प के अनुरूप उत्तर प्रदेश सरकार बिना किसी भेदभाव के समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान और विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
संगोष्ठी के दौरान विधायक ने मुस्लिम समाज के प्रबुद्धजनों से सीधे संवाद करते हुए उनकी बातों को सुना और क्षेत्र की समस्याओं एवं विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि आपसी भाईचारा, सौहार्द और सामाजिक समरसता ही क्षेत्र की तरक्की का मजबूत आधार है।
विधायक ने सभी वर्गों को साथ लेकर दातागंज क्षेत्र के विकास को गति देने तथा आपसी विश्वास और सौहार्द को और मजबूत करने का भरोसा दिलाया। संगोष्ठी में सामाजिक एकता और क्षेत्र के विकास को लेकर सकारात्मक माहौल देखने को मिला।






bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


