बदायूँ: 05 सितंबर। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अवनीश राय ने बताया कि आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के लिए निर्वाचन में उपयोग की जाने वाली ईवीएम एवं वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जाँच (एफएलसी) 02 सितंबर 2026 से प्रारम्भ हो चुकी है जो 21 सितंबर 2026 तक ईवीएम/वीवीपैट वेयरहाउस, कलेक्ट्रेट, बदायूँ में कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक निर्वाचन से पूर्व निर्वाचन में उपयोग की जाने वाली ईवीएम एवं वीवीपैट की जाँच एवं परीक्षण संबंधित निर्माता कंपनी के अधिकृत अभियंताओं द्वारा जिला निर्वाचन अधिकारी की देखरेख में किया जाता है। केवल प्रथम स्तरीय जाँच (एफएससी) में उत्तीर्ण ईवीएम एवं वीवीपैट का ही निर्वाचन में उपयोग किया जाता है। प्रथम स्तरीय जाँच की विस्तृत प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन संबंधी नियमावली में निर्धारित है।
जिलाधिकारी ने बताया कि आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 में उपयोग की जाने वाली ईवीएम एवं वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जाँच इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पाेरेशन ऑफ इंडिया के अधिकृत अभियंताओं द्वारा निर्धारित अवधि में की जाएगी। भारत निर्वाचन आयोग के मौजूदा निर्देशों के अनुरूप प्रथम स्तरीय जाँच संपन्न कराने के लिए जनपद में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं।
उन्होंने बताया कि प्रथम स्तरीय जाँच की प्रक्रिया की निगरानी जिला निर्वाचन अधिकारी, मुख्य निर्वाचन अधिकारी तथा भारत निर्वाचन आयोग के स्तर से भी की जाती है, जिससे प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित हो सके।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिला मुख्यालय स्थित राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से 29 अगस्त 2026 को लिखित रूप में अनुरोध किया गया है कि वे प्रथम स्तरीय जाँच की निर्धारित अवधि के दौरान प्रक्रिया के अवलोकन हेतु अपने प्रतिनिधियों को अधिकृत करें। संबंधित राजनीतिक दलों के राज्य मुख्यालय द्वारा अनुरोध पत्र की प्राप्ति की पुष्टि भी की जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि ईवीएम एवं वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जाँच निर्वाचन प्रक्रिया की महत्वपूर्ण एवं अनिवार्य प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से निर्वाचन में प्रयुक्त होने वाली मशीनों की कार्यशीलता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप होने की पुष्टि की जाती है। ईवीएम एवं वीवीपैट से संबंधित विस्तृत जानकारी भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट http://www.eci.gov.in/evm-vvpat पर उपलब्ध है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


