5:17 pm Saturday , 5 September 2026
BREAKING NEWS

बिल्सी में दहेज के लिए विवाहिता को पीटकर घर से निकाला, पति समेत 6 पर रिपोर्ट

बिल्सी (बदायूं) 5 सितंबर ।

दहेज में मोटर साइकिल और दो लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को मारपीट कर घर से निकालने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर बिल्सी थाने में पति समेत 6 ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार बिल्सी थाना क्षेत्र के ग्राम दीन नगर शेखुपुर निवासी अंजलि पुत्री सत्यपाल ने थाने में दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी करीब तीन वर्ष पूर्व उझानी क्षेत्र के ग्राम विहार बरसुआ निवासी अनिल पुत्र प्रेमपाल के साथ हिंदू रीति रिवाज के अनुसार हुई थी। शादी उसके मौसा श्याम सिंह निवासी रेवतीनगर ने कराई थी।

आरोप है कि शादी के बाद से ही पति अनिल, जेठ कृष्ण पुत्र गण प्रेमपाल, ससुर प्रेमपाल, सास राजकुमारी, ननद जाना और ननदोई करन सिंह निवासी ग्राम वितरौई थाना उझानी दहेज में एक मोटर साइकिल और दो लाख रुपये की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे।

पीड़िता का आरोप है कि करीब एक माह पूर्व सभी ने जान से मारने की कोशिश की और गाली-गलौज कर मारपीट कर घर से निकाल दिया। तब से वह अपने मायके में माता-पिता के साथ रह रही है।

प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक पुष्पराज सिंह को सौंपी गई है।

विज्ञापन एक्सप्रेस