कुंवरगांव में सजा ऐतिहासिक जन्माष्टमी मेला, पहले दिन उमड़ी भीड़
कुंवरगांव संवाददाता
कुंवरगांव, बदायूं। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर कुंवरगांव कस्बे में लगने वाले ऐतिहासिक जन्माष्टमी मेले का शुक्रवार को भव्य शुभारंभ हुआ। मेले के शुभारंभ के साथ ही पूरा नगर रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा। मेले में पहले ही दिन बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी।
पूर्व राज्य मंत्री एवं सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने फीता काटकर मेले का औपचारिक उद्घाटन किया। उद्घाटन के दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक मेले हमारी पुरानी परंपराओं को जीवित रखने के साथ ही लोगों को आपसी मेल-जोल का अवसर भी प्रदान करते हैं।
यह जन्माष्टमी मेला सेठ सेठ छदम्मी लाल स्कूल के ग्राउंड में लगाया गया है। मेले में विशाल झूले, रंग-बिरंगे चरख, बच्चों के मनोरंजन के विभिन्न साधन और अन्य आकर्षण लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। खासकर बच्चों में मेले को लेकर काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानें भी सजाई गई हैं, जहां लोग खरीदारी का आनंद ले रहे हैं।
मेला 6 सितंबर तक चलेगा। आगामी दिनों में मेले में लोगों की भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। शाम होते ही मेले का नजारा और भी आकर्षक हो जाता है तथा पूरा क्षेत्र रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठता है।
इस अवसर पर मेला कमेटी अध्यक्ष चंद्रभान गुप्ता, कोषाध्यक्ष गुड्डू रस्तोगी, नगर चेयरमैन पति अरविंद रावत, लकी गुप्ता, अजय सक्सेना, सुखपाल मौर्य, पत्तू लाल गुप्ता, अवनीश संघधार, अनिल सिंह, यशवीर सिंह गौतम, राम शर्मा, गुड्डू पोरवाल, शिवांशु गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।



bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


