बिल्सी। तहसील क्षेत्र के ग्राम बेहटा गुंसाई में जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में आयोजित तीन दिवसीय रासलीला का बृहस्पतिवार की रात शुभारंभ धार्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण में हुआ। रासलीला के प्रथम दिन वृंदावन से आए कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से पूर्व की लीलाओं का मनोहारी मंचन किया। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। देर रात तक चले कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर रासलीला का आनंद लिया। मंचन के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से जुड़ी कथाओं और प्रसंगों को कलाकारों ने आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया। भक्ति गीतों और संवादों से पूरा पंडाल भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
आयोजकों ने बताया कि जन्माष्टमी के अवसर पर हर वर्ष रासलीला का आयोजन किया जाता है। इसका उद्देश्य ग्रामीणों और नई पीढ़ी को भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं एवं धार्मिक परंपराओं से जोड़ना है। कार्यक्रम में आयोजन समिति के विकास कुमार, कृष्ण कन्हैया, सुनील कुमार, राजेश कुमार, कृष्ण गोपाल गुप्ता, अखिलेश गुप्ता समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। तीन दिवसीय रासलीला में आगामी दिनों में भगवान श्रीकृष्ण की अन्य लीलाओं का मंचन किया जाएगा।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


