11:13 pm Friday , 4 September 2026
BREAKING NEWS

घास काटने से मना करने पर युवक को पीटा, हालत गंभीर

बिल्सी। कोतवाली क्षेत्र के सिरतोल गांव में खेत से जबरन घास काटने का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि रंजिश के चलते दबंग युवक को घर ले गए और वहां लाठी-डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। मारपीट में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित के पिता की शिकायत पर पुलिस ने घायल का मेडिकल परीक्षण कराया है।
सिरतोल निवासी नेमचंद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका बेटा अनमोल शुक्रवार को खेत पर गया था। आरोप है कि गांव के कुछ लोग उसके खेत में जबरन घास काट रहे थे। अनमोल ने इसका विरोध करते हुए घास काटने से मना किया। इसी बात को लेकर आरोपी उससे रंजिश रखने लगे।
आरोप है कि कुछ देर बाद आरोपी अनमोल के घर पहुंचे और उसे अपने साथ ले गए। इसके बाद अपने घर में लाठी-डंडों से उसकी पिटाई की। मारपीट में अनमोल को गंभीर चोटें आईं। हालत बिगड़ने पर पिता उसे लेकर कोतवाली पहुंचे और पुलिस से कार्रवाई की मांग की। कोतवाल मनोज कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर घायल युवक को मेडिकल परीक्षण के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया है।

विज्ञापन एक्सप्रेस