वजीरगंज मार्ग पर मूसापुर गांव के पास हुआ हादसा
बिल्सी। वजीरगंज-बिल्सी मार्ग पर गांव मूसापुर के पास शुक्रवार दोपहर सामने से आ रहे टेंपो को बचाने के प्रयास में तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राला अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खंदी में पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर चालक घायल हो गया। राहगीरों और अन्य वाहन चालकों ने उसे खंदी से बाहर निकाला। गनीमत रही कि हादसे के समय आसपास कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
वजीरगंज निवासी चालक इकरार अहमद ने बताया कि वह शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे बिल्सी से ट्रैक्टर-ट्राला लेकर वजीरगंज लौट रहे थे। मूसापुर गांव के पास पहुंचते ही सामने से अचानक टेंपो आ गया। टेंपो से टक्कर बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर-ट्राला अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खंदी में पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर के अगले हिस्से को काफी नुकसान हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर राहगीरों और दूसरे ट्रैक्टर चालकों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने काफी प्रयास के बाद घायल चालक को बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार दिलाया।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


