बिल्सी। कोतवाली क्षेत्र के गांव महलोली में बुधवार की दोपहर समरसेबल मोटर चेक करते समय करंट की चपेट में आने से युवक सत्यपाल की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी, माता-पिता समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
महलोली निवासी जसवीर के घर का समरसेबल मोटर कुछ समय से खराब था। बुधवार को मोटर को ठीक कराया गया था। इसके बाद जसवीर का भाई सत्यपाल मोटर को बोरिंग में डालकर चेक कर रहा था। इसी दौरान अचानक मोटर में करंट उतर आया और सत्यपाल उसकी चपेट में आ गया। करंट लगते ही वह मौके पर बेहोश होकर गिर पड़ा। परिजन उसे उपचार के लिए ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सत्यपाल की मौत की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। पत्नी मीरा देवी, पिता जुगल किशोर और मां जगवती का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन घटना को याद कर बार-बार बिलख रहे हैं।
सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


