1:05 pm Wednesday , 2 September 2026
BREAKING NEWS

बिल्सी में स्वाइन फ्लू से महिला की मौत, रिपोर्ट पॉजिटिव आने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप।

बिल्सी में स्वाइन फ्लू से महिला की मौत, रिपोर्ट पॉजिटिव आने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप।

बिल्सी बदांयू 2 सितंबर।

बदायूं के बिल्सी तहसील क्षेत्र के एक गांव में संदिग्ध बुखार से एक महिला की मौत हो गई। जांच रिपोर्ट में महिला के स्वाइन फ्लू पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई थी।

बिल्सी थाना क्षेत्र की रहने वाली इस महिला को 5 अगस्त के आसपास हल्का बुखार आया था। परिवार के लोग उसे गांव के ही एक निजी डॉक्टर के पास ले गए थे।

तीन-चार दिन दवा खाने के बाद भी जब आराम नहीं मिला, तो परिवार वाले महिला को बदायूं मेडिकल कॉलेज ले गए। वहां कई जांच के बाद उसे अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

अलीगढ़ में भी महिला को खास आराम नहीं मिला। इसके बाद परिवार के लोग उसे बरेली मेडिकल कॉलेज ले गए। यहां इलाज के दौरान 28 अगस्त को महिला की मौत हो गई। परिवार ने शव को गांव लाकर उसी दिन अंतिम संस्कार कर दिया।

बदायूं के डिप्टी सीएमओ मोहम्मद तहसीन ने बताया कि महिला की रिपोर्ट स्वाइन फ्लू पॉजिटिव आई थी। हालांकि, डिप्टी सीएमओ ने निमोनिया समेत अन्य बीमारियों को भी मौत की वजह बताया है। महिला पहले से ही गंभीर बीमार थी, किडनी इन्फेक्शन भी था।

बिल्सी सीएचसी प्रभारी डॉक्टर अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि मृतक महिला के परिजनों की स्वास्थ्य जांच के लिए मंगलवार को एक टीम घर भेजी गई थी। टीम ने परिवार के आठ सदस्यों की जांच की, जो बिल्कुल ठीक पाए गए।

प्रभारी गुप्ता ने यह भी बताया कि किसी भी व्यक्ति में स्वाइन फ्लू के कोई लक्षण नहीं मिले हैं। फिर भी बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम एक बार फिर स्वास्थ्य जांच करेगी।

विज्ञापन एक्सप्रेस