बिल्सी। हापुड़ के पास गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार रात हुए सड़क हादसे में जान गंवाने वाले मेवली गांव निवासी दो सगे भाइयों के परिजनों से मंगलवार शाम भाजपा विधायक हरीश शाक्य ने मुलाकात की। उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया और दुख की इस घड़ी में हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
विधायक ने कहा कि भाजपा और वह स्वयं पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने परिजनों को हिम्मत रखने की बात कही। बता दें कि रविवार रात दिल्ली जाते समय हापुड़ में गंगा एक्सप्रेसवे पर थार कार अनियंत्रित होकर पलट गई थी। हादसे में चार लोगों की मौत हुई थी। इनमें बिल्सी तहसील क्षेत्र के मेवली गांव निवासी होतीलाल के बेटे सुखबेंद्र और जसवंत भी शामिल थे।
मुलाकात के दौरान मृतक भाइयों के पिता होतीलाल ने अपने कच्चे मकान की स्थिति बताते हुए आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की। इस पर विधायक ने मौके से ही बिल्सी एसडीएम को फोन कर पीड़ित परिवार को दुर्घटना सहायता राशि दिलाने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों से वार्ता कर हादसे में मृत चारों लोगों के परिजनों को जल्द सरकारी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष पति ओम प्रकाश सागर, रामवीर शाक्य, तेजस्वी सागर आदि मौजूद रहे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


