7:11 pm Tuesday , 1 September 2026
BREAKING NEWS

जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया स्थलीय निरीक्षण

बदायूँ: 01 सितम्बर। जिलाधिकारी अवनीश राय ने तहसील दातागंज अंतर्गत बाढ़ प्रभावित ग्राम भुंडी, रहपुरा एवं कदम नगला का स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में हुए कटान तथा स्थानीय लोगों की समस्याओं की जानकारी प्राप्त की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान पाया कि क्षेत्र में 500 मीटर से अधिक कटान हो चुका है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कटान की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने तथा आवश्यकतानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में लोगों की सुरक्षा एवं आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पशु चिकित्सा की टीमें सप्ताह में कम से कम दो दिन नियमित रूप से पहुंचकर पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण करें तथा आवश्यकतानुसार उपचार एवं दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें, साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन निरंतर कराया जाए, जिससे ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकें।
जिलाधिकारी अवनीश राय ग्राम भुंडी से नाव के माध्यम से कदम नगला एवं रहपुरा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से संवाद कर उनका हालचाल जाना तथा बाढ़ के कारण उत्पन्न समस्याओं और उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन बाढ़ प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है और आवश्यकता के अनुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न हो तथा क्षेत्र की स्थिति पर सतत निगरानी रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी दातागंज विनोद कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
—-

विज्ञापन एक्सप्रेस