बदांयू :कोल्ड स्टोर में फंसी लाखों बोरियां आलू की, बढ़ी चिंता।
बदांयू 31 अगस्त।
जिले के शीतगृहों में आलू की निकासी बेहद धीमी होने से संचालकों में चिंता बढ़ गई है। नई फसल आने में महज तीन माह का समय शेष बचा है, जबकि अभी भी लाखों बोरियां कोल्ड स्टोर में रखी हुई हैं। समय पर निकासी न होने से बड़े नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
शीतगृह संघ की बैठक में इस पर चिंता व्यक्त करते हुए बताया गया कि इस वर्ष जिले के शीतगृहों में लाखों बोरी आलू का भंडारण किया गया था। पिछले पांच महीनों में मात्र 20 से 22 प्रतिशत आलू की ही निकासी हो सकी है।
नियम के अनुसार कोल्ड में रखे आलू में से करीब 25 प्रतिशत बीज के रूप में इस्तेमाल होता है। मौजूदा समय में शीतगृहों में 80 प्रतिशत से अधिक आलू रखा हुआ है, जिसमें 50 प्रतिशत खाने वाला आलू भी फंसा हुआ है। इतने कम समय में इसकी निकासी होना बड़ी चुनौती माना जा रहा है।
वर्तमान में कोल्ड स्टोरेज में आलू का भाव गिरकर 350 से 400 रुपये प्रति बोरी रह गया है, जो उत्पादन लागत से भी कम है। इसमें भंडारण किराया और मंडी तक ढुलाई का खर्च जोड़ दिया जाए तो किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है।
अच्छे भाव की उम्मीद में किसान निकासी नहीं कर रहे हैं, जिससे निकासी की रफ्तार धीमी बनी हुई है। अगर आलू निकासी की रफ्तार ऐसे ही रही तो इससे कोल्डस्टोरेज स्वामियों को भी भारी नुक़सान उठाना पड़ेगा।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


