1:22 pm Monday , 31 August 2026
BREAKING NEWS

दातागंज लॉकअप कांड में नया बवाल! 4 मिनट 17 सेकेंड की गोपनीय फुटेज कोतवाली से लीक कैसे हुई ?

दातागंज लॉकअप कांड में नया बवाल! 4 मिनट 17 सेकेंड की गोपनीय फुटेज कोतवाली से लीक कैसे हुई ?

बदांयू 31 अगस्त।

दातागंज कोतवाली में राजेश कोरी की पुलिस हिरासत में मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। अब इस मामले में मौत से ठीक पहले का 4 मिनट 17 सेकेंड का सीसीटीवी फुटेज वायरल हो गया है, जिसने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। इस वीडियो ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

वायरल फुटेज में जो तस्वीरें कैद हुई हैं, वो रूह कंपा देने वाली हैं। हवालात के गेट पर राजेश बदहवास हालत में जमीन पर पड़ा है। एक सिपाही उसे झकझोर रहा है, पानी पिलाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन राजेश पानी तक नहीं निगल पा रहा। पास में एक होमगार्ड खड़ा तमाशा देखता नजर आ रहा है। और इसके बाद… पुलिसकर्मी उसे उसी हालत में छोड़कर चले जाते हैं और राजेश काफी देर तक जमीन पर ही पड़ा रहता है।

वीडियो वायरल होते ही पुलिस के सामने दूसरी मुसीबत खड़ी हो गई है। थाने में लगी सीसीटीवी कैमरे की गोपनीय रिकॉर्डिंग बाहर कैसे पहुंची? ये अब जांच का सबसे बड़ा विषय बन गया है।

सूत्रों की मानें तो थाने के सीसीटीवी की रिकॉर्डिंग पुलिस की निगरानी व्यवस्था का हिस्सा होती है और उसकी कॉपी निकालने और सुरक्षित रखने की पूरी जिम्मेदारी थाने की ही होती है।

अब पुलिस इस कड़ी की जांच कर रही है कि –
4 मिनट 17 सेकेंड का ये फुटेज किसने निकाला ?
किसके माध्यम से थाने से बाहर पहुंचा ?
सोशल मीडिया तक पहुंचने की पूरी चेन क्या है?

फुटेज लीक कांड में अब थाने के कंप्यूटर ऑपरेटर की भूमिका संदेह के घेरे में है। वहीं, थाना प्रभारी वेदपाल सिंह की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। अंदरखाने चर्चा तेज है कि ये फुटेज थानेदार के किसी परिचित तक पहुंचा और वहीं से वायरल हुआ, हालांकि पुलिस जांच पूरी होने से पहले इसकी पुष्टि नहीं कर रही।

उधर, पुलिस बैकफुट पर है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो को तोड़-मरोड़कर प्रसारित किया गया है, जिससे घटनाक्रम का नजरिया बदल गया। इसी वजह से अब पुलिस मूल रिकॉर्डिंग और वायरल वीडियो की बारीकी से जांच कर रही है। साथ ही ये भी पता लगाया जा रहा है कि मूल सीसीटीवी फुटेज किस स्तर से लीक हुआ।

विज्ञापन एक्सप्रेस