9:43 am Monday , 31 August 2026
BREAKING NEWS

208 वाहनों पर परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 5 लाख रुपये सरकारी खाते में जमा

बदायूं। जिलाधिकारी एवं शासन के निर्देशों के क्रम में परिवहन विभाग ने सड़क सुरक्षा को लेकर शनिवार और रविवार को विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन/प्रशासन) हरिओम ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से इंटरसेप्टर के माध्यम से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान 122 वाहनों के ओवरस्पीड, 19 बिना हेलमेट, 32 बिना सीट बेल्ट, 5 रॉन्ग साइड ड्राइविंग और 20 वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के प्रयोग के मामलों में चालान की कार्रवाई की गई।

इसके अलावा खनन में संलिप्त 10 ओवरलोड वाहनों को सीज किया गया। इन वाहनों से 5 लाख रुपये प्रशमन शुल्क के रूप में सरकारी खाते में जमा कराया गया। वहीं एक अनधिकृत रूप से संचालित बस को भी सीज किया गया।

एआरटीओ ने बताया कि सर्वाधिक सड़क दुर्घटनाएं ओवरस्पीड और वाहन चालकों की लापरवाही के कारण होती हैं। उन्होंने जनसामान्य से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग करें। तेज गति से वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें। नियमों का उल्लंघन करने पर नियमानुसार प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन एक्सप्रेस