बदायूं- कुकुरमुत्ते की तरह उगे फर्जी अस्पताल, सहसवान बना जच्चा-बच्चा के लिए कब्रगाह।
बाइक मिस्त्री कर रहे ऑपरेशन, स्वास्थ्य विभाग की मिलीभगत से चल रहा मौत का कारोबार, सीएमओ की चुप्पी पर उठे सवाल।
बदायूं 30 अगस्त।
बरसात में कुकुरमुत्ते उगते हैं, बदायूं में बरसाती मौसम में फर्जी अस्पताल उग आए हैं। हालात ये हैं कि पूरे जनपद में अवैध अस्पतालों का जाल बिछा है और स्वास्थ्य विभाग खुद इनका संरक्षक बना हुआ है।
सबसे बुरा हाल सहसवान क्षेत्र का है, जो अब जच्चा-बच्चा की जान लेने के लिए कुख्यात हो चुका है। यहां आए दिन किसी न किसी परिवार की खुशियां उजड़ रही हैं, किसी की पत्नी तो किसी का नवजात दम तोड़ रहा है, लेकिन जिम्मेदारों के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही।
ताजा मामला सहसवान कोतवाली क्षेत्र के हरदतपुर रोड पर स्थित पब्लिक हेल्थ केयर हॉस्पिटल का है। आरोप है कि यहां इलाज में लापरवाही से एक बार फिर परिवार पर कहर टूटा है। पीड़ित परिवार में कोहराम मचा है, परिजन इंसाफ के लिए दर-दर भटक रहे हैं, लेकिन हैरानी की बात है कि घटना के बाद भी सीएमओ मौके पर झांकने तक नहीं गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले के कई अस्पतालों में तो हालात इतने बदतर हैं कि बाइक रिपेयर करने वाले मिस्त्री तक ऑपरेशन थिएटर में चाकू चला रहे हैं। न डिग्री, न अनुभव, बस सफेद कोट पहनकर मौत का धंधा चल रहा है।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर इन अस्पतालों पर कार्रवाई क्यों नहीं होती? न कोई अस्पताल सील होता है, न किसी फर्जी डॉक्टर पर एफआईआर दर्ज कर उसे जेल भेजा जाता है। सीएमओ कार्यालय की इसी लापरवाही से फर्जी अस्पताल संचालकों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे बेखौफ होकर एक के बाद एक जिंदगियों से खिलवाड़ कर रहे हैं।
लोगों में आक्रोश है। लोगों का साफ कहना है कि अगर यही हाल रहा तो सहसवान ही नहीं, पूरा बदायूं जनपद इन झोलाछाप अस्पतालों की भेंट चढ़ जाएगा। जरूरत है कि शासन स्तर से इस पूरे रैकेट की जांच हो और दोषी अधिकारियों व फर्जी अस्पताल संचालकों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


