बदायूं
टूटते रिश्तों को फिर मिला सहारा, बदायूं पुलिस की पहल से 3 परिवारों में हुआ समझौता
केशव गुप्ता
पुलिस परिवार परामर्श केंद्र बना परिवारों को जोड़ने की कड़ी, 49 मामलों में हुई सुनवाई
बदायूं। आपसी कलह, मनमुटाव और पारिवारिक विवादों के चलते बिखरने की कगार पर पहुंचे परिवारों को एकजुट करने के लिए बदायूं पुलिस लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में शनिवार को रिजर्व पुलिस लाइन बदायूं में पुलिस परिवार परामर्श केंद्र का आयोजन किया गया, जहां पारिवारिक विवादों से संबंधित कुल 49 फाइलों पर सुनवाई की गई।
परामर्श केंद्र में मौजूद काउंसलर गिरधारी सिंह राठौर, सुषमा कथूरिया, नाजमा बरकाती एवं एसडी शर्मा तथा संबंधित पुलिस कर्मचारियों ने दोनों पक्षों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आपसी मतभेद दूर कर परिवार बचाने का प्रयास किया।
कार्यक्रम के दौरान 32 फाइलों में काउंसलिंग की गई, जबकि 3 मामलों में दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया। इसके अलावा 11 फाइलें निरस्त की गईं तथा शेष मामलों में अग्रिम तिथि निर्धारित की गई।
इस दौरान महिला हेड कांस्टेबल कुमुद (प्रभारी), महिला कांस्टेबल राखी एवं महिला कांस्टेबल संध्या सहित संबंधित पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
समझौते के बाद परिवारों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं। बदायूं पुलिस की यह पहल उन परिवारों के लिए उम्मीद की किरण बन रही है, जो छोटे-छोटे विवादों के चलते टूटने की कगार पर पहुंच जाते हैं।



bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


