बदायूं
बदायूं में पुलिस कस्टडी में युवक की मौत से हड़कंप।
परिजनों ने पुलिस पर पीट-पीटकर मारने का आरोप – पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कार्डियक अरेस्ट।
बदांयू 29 अगस्त।
दातागंज कोतवाली में पुलिस हिरासत में लिए गए एक युवक की मौत के बाद हड़कंप मच गया। मृतक शाहजहांपुर निवासी राजेश को रात में हुए विवाद के बाद पुलिस थाने लाई थी। कुछ घंटे बाद ही उसकी तबीयत बिगड़ी और जिला अस्पताल में उसकी मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
राजेश के भाई वीरेश के मुताबिक, रात में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद पुलिस राजेश को थाने ले गई। परिवार का आरोप है कि राजेश के शरीर पर पट्टी बांधी गई और उसे थाने में बैठाकर रखा गया। सुबह उसकी हालत बिगड़ने की सूचना मिली।
राजेश की पत्नी शीतल का कहना है कि जब पुलिस उनके पति को घर से ले गई थी, तब वह बिल्कुल ठीक थे। सवाल यह है कि थाने में ऐसा क्या हुआ कि कुछ ही घंटों में उसकी मौत हो गई। भाई वीरेश ने तो यहां तक आरोप लगाया कि पुलिस ने पूरी रात पीटने के बाद उसे मारकर टांग दिया।
मेडिकल रिपोर्ट के मुताबिक, जब पुलिस राजेश को जिला अस्पताल लेकर पहुंची तो उसकी हालत बेहद गंभीर थी। उसका शुगर लेवल 315 तक पहुंच चुका था, जबकि ऑक्सीजन लेवल सिर्फ 30 बचा था। पल्स भी लगातार गिर रही थी। डॉक्टरों ने तत्काल इलाज शुरू किया, लेकिन कुछ ही देर बाद उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने रात में ही तीन डॉक्टरों के पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया। देर रात आई रिपोर्ट में मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट बताई गई है। पुलिस का कहना है कि मौत बीमारी/चिकित्सकीय कारण से हुई है।

अब इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि राजेश की मौत से पहले थाने में उसके साथ क्या हुआ था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कार्डियक अरेस्ट सामने आने के बावजूद परिवार के आरोपों की भी जांच जरूरी है, ताकि मौत की पूरी कड़ी साफ हो सके।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


