बिल्सी। तहसील क्षेत्र के गांव बेहटा गुसाईं में लंबे समय से बनी कीचढ़ और जलभराव की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं कराया गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव की मुख्य गलियों में जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं है। नालियों का गंदा पानी सड़कों पर भरने से रास्ते कीचढ़ से पट गए हैं। इससे राहगीरों के साथ ही स्कूली बच्चों को भी आवागमन में परेशानी हो रही है। जलभराव के कारण गांव में दुर्गंध फैल रही है और मच्छर-मक्खियों का प्रकोप बढ़ गया है। ग्रामीणों ने संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका जताई है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने जनप्रतिनिधियों और तहसील स्तर के अधिकारियों से कई बार शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन के विवश होगें। ग्रामीणों ने उच्च अधिकारियों से हस्तक्षेप कर स्थायी समाधान कराने की मांग की। प्रदर्शन में राजू, राहुल, छोटे, विपिन, कल्लू, जितेंद्र, भरोसे आदि मौजूद रहे। इधर, एसडीएम राजेश कुमार सिंह ने बताया कि उक्त समस्या की जांच कर शीघ्र समाधान किए जाने का प्रयास किया जाएगा।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


