4:55 pm Thursday , 27 August 2026
BREAKING NEWS

गऊमाता को पहली रोटी बनाना हर माँ की जिम्मेदारी : महेश चंद्र गुप्ता

गऊमाता को पहली रोटी बनाना हर माँ की जिम्मेदारी : महेश चंद्र गुप्ता

डॉ मधु गौतम के सहयोग से कृष्णा पार्क कॉलोनी में “गऊ माँ सेवा रोटी पात्र’ रखवाया गया
बदायूँ। हमारी भारतीय संस्कृति मेँ गाय को माता का स्थान दिया गया है। पहले घर घर मेँ गाय के नाम की पहली रोटी बनाई जाती थी। आज भी बहुत से घरों मेँ इस परम्परा को बनाये रखा गया है। लेकिन आधुनिकता और भागदौड़ भरी जिंदगी मेँ अब धीरे धीरे यह परम्परा विलुप्त होती जा रही है। लेकिन ब्रह्मदत्त गौशाला धाम की सराहनीय जागरूक पहल से फिर से यह परम्परा अनवरत शुरू हो जाएगी। सेवानिवृत्त प्रोफेसर डॉ मधु गौतम के सहयोग से ब्रह्मदत्त गौशाला धाम ने “गऊ माँ सेवा रोटी पात्र ” बनवाकर आज कृष्णा पार्क कॉलोनी मेँ रखकर इस अभियान को शुरू किया है, इससे निश्चित ही कॉलोनी के प्रत्येक सनातनी परिवार के घर मेँ गाय के नाम से रोटी बनना शुरू हो जाएगी। डॉ मधु गौतम ने इस पवित्र कार्य का सहयोगी बनकर बहुत पुण्य कार्य किया है।
उक्त उद्बोधन नगर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने शहर की कृष्णा पार्क कॉलोनी मेँ उपस्थित गोप्रेमियों के मध्य कहा। उद्बोधन से पूर्व नगर विधायक ने गऊ माँ रोटी पात्र मेँ रोटियां डालकर विधिवत शुभारम्भ किया। उन्होंने कहा कि गौशालाधाम के सचिव सचिन भारद्वाज ने यह पहल जो करी है, अब हम सबकी जिम्मेदारी बनती है कि यह जागरूकता घर घर तक पहुंचाई जाये। मेरा सभी परिवारों की माताओं और बहनों से अनुरोध है कि हर घर मेँ एक रोटी गौमाता के नाम बनाएं और उसे अपने आसपास जो भी गाएं दिखाई दे, अपने हाथों से खिलाएं। यदि आपको गाय नहीं दिखाई दें तो आप अपने घर मेँ एकत्रित कर लें अथवा गऊ माँ रोटी पात्र मेँ डाल दिया करें। जिससे सभी रोटियां गौशाला धाम पहुँच जाएगी। इससे आपके द्वारा यह पुनीत कार्य प्रतिदिन होता रहेगा।
इस अवसर पर डॉ मधु गौतम, मुनेन्द्र सिंह एडवोकेट, सुधीर रस्तोगी, मनीष रस्तोगी, सचिन गुप्ता, संजीव भारद्वाज, सोनू मनचंदा, डॉ. रवि भूषण पाठक, डॉ. पारितोष शर्मा, श्रीमती चाँद मलिक, जयराम अग्निहोत्री, विनोद उपाध्याय, अभिषेक आदि उपस्थित रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस