।
उझानी-बदांयू 26 अगस्त।
त्योहारों का सीजन शुरू होने से ठीक पहले आम लोगों की रसोई का बजट फिर बिगड़ने लगा है। चीनी के बाद अब प्याज के बढ़ते दामों ने लोगों के आंसू निकाल दिए हैं।
बाजार से मिले आंकड़ों के मुताबिक उझानी की थोक सब्जी मंडी में प्याज 45 से 50 रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से बिक रहा है, जबकि परचून और फुटकर बाजार तक पहुंचते-पहुंचते इसके दाम 55 से 60 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं।
थोक कारोबारी आलम कुरैशी ने बताया कि मध्य प्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र जैसे प्रमुख प्याज उत्पादक राज्यों में हुई भारी बारिश के कारण फसल प्रभावित हुई है। इस वजह से मंडियों में आवक काफी कम हो गई है। नई फसल आने में अभी करीब एक से डेढ़ महीने का समय लगेगा, जिसके बाद ही दामों में राहत की उम्मीद की जा सकती है।
प्याज के महंगा होने का सीधा असर आम गृहिणियों की रसोई पर पड़ रहा है। तड़के और सलाद के लिए जरूरी माना जाने वाला प्याज अब लोग सोच-समझकर इस्तेमाल कर रहे हैं।
घरों के अलावा होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट में भी सिरके वाले प्याज और मुफ्त में दिए जाने वाले सलाद में कटौती कर दी गई है। शहर में जगह-जगह लगने वाले भेलपूरी, छोले-भटूरे और चाट के ठेलों पर भी विक्रेताओं ने ग्राहकों को दिए जाने वाले कटे प्याज की मात्रा आधी कर दी है।
कारोबारी मुकेश का कहना है कि जब तक मंडी में आवक सामान्य नहीं होती, तब तक दामों में नरमी आने की संभावना कम ही है।
राजेश वार्ष्णेय एमके
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


