4:52 pm Wednesday , 26 August 2026
BREAKING NEWS

गुधनी में सामूहिक यज्ञ के साथ मनाया गया महिला सम्मान दिवस

महिला सम्मान दिवस पर नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का संदेश

* नारी का सम्मान सदैव होना चाहिए : आचार्य संजीव रूप

बिल्सी तहसील क्षेत्र के यज्ञतीर्थ गुधनी स्थित प्रज्ञा यज्ञ मंदिर में महिला सम्मान दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आचार्य तृप्ति आर्य के निर्देशन में सामूहिक यज्ञ का आयोजन किया गया।
यज्ञ के उपरांत वैदिक विद्वान आचार्य संजीव रूप ने कहा, “जिस समाज में नारी सुरक्षित, सम्मानित और स्वावलंबी होती है, वही समाज सभ्य, समृद्ध और शक्तिशाली बनता है। नारी का सम्मान किसी एक दिवस तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उसका सम्मान सदैव होना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि नारी के प्रति पुरुषों का दृष्टिकोण अभी भी पूरी तरह नहीं बदला है। नारी को भोग की वस्तु समझने तथा उसे पर्दे और घूंघट की चारदीवारी में सीमित रखने वाली मानसिकता का परिवर्तन आवश्यक है। ऐसी सोच न तो नारी के हित में है और न ही इससे एक अच्छे परिवार, समाज और राष्ट्र का निर्माण हो सकता है।
आचार्य तृप्ति आर्य ने कहा, “विकसित देश हम पर इसलिए हंसते हैं क्योंकि हम आज भी कई मामलों में पिछड़े हुए हैं। इसका एक बड़ा कारण यह है कि हमारे समाज में महिलाओं को अभी तक समान अधिकार और समान अवसर पूरी तरह नहीं मिल पाए हैं। महिलाओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार और उन्हें बराबरी का अधिकार देना ही सच्चे विकास की पहचान है।”
इस अवसर पर श्रीमती कमलेश कुमारी, श्रीमती मुन्नी देवी, श्रीमती संतोष कुमारी, श्रीमती ज्योति रानी, कुमारी तानिया, कुमारी ईशा आर्य, श्रीमती मोना रानी सहित अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं।

विज्ञापन एक्सप्रेस