11:46 pm Tuesday , 25 August 2026
BREAKING NEWS

सिकरी में सरकारी जमीन पर अंबेडकर प्रतिमा लगाने को लेकर बवाल, डीएम-एसएसपी ने संभाला मोर्चा; मौके का लिया जायजा

बदायूं

सिकरी में सरकारी जमीन पर अंबेडकर प्रतिमा लगाने को लेकर बवाल, डीएम-एसएसपी ने संभाला मोर्चा; मौके का लिया जायजा

केशव गुप्ता

फैजगंज बेहटा। थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के ग्राम सिकरी में सरकारी भूमि पर बिना अनुमति डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित किए जाने के प्रयास के बाद पैदा हुए विवाद को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। मंगलवार को जिलाधिकारी बदायूँ श्री अवनीश कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ सुश्री अंकिता शर्मा ने घटनास्थल का संयुक्त निरीक्षण कर मौके की स्थिति का जायजा लिया।
बताया गया कि ग्राम समाज की सरकारी भूमि पर बिना अनुमति प्रतिमा स्थापित करने के प्रयास के दौरान पुलिस द्वारा रोकने पर कुछ लोगों ने ईंट-पत्थर फेंक दिए थे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए सात लोगों को हिरासत में लिया था। इसके बाद प्रशासन ने प्रतिमा को सुरक्षा की दृष्टि से तहसील बिसौली में रखवा दिया।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए डीएम और एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और कानून-व्यवस्था बनाए रखने, क्षेत्र में सतर्क निगरानी रखने तथा किसी भी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को तोड़े या खंडित किए जाने की सूचना असत्य एवं निराधार है। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य बताई जा रही है और पुलिस-प्रशासन की टीम लगातार निगरानी कर रही है।
प्रशासन का संदेश साफ है—सरकारी भूमि पर बिना अनुमति किसी भी प्रकार का निर्माण या प्रतिमा स्थापना स्वीकार नहीं की जाएगी और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन एक्सप्रेस