उझानी में घंटाघर चौराहे पर आधे घंटे तक लगा भीषण जाम, स्कूली वैनों में बच्चे बिलखते रहे।
इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार ने भेजा अतिरिक्त फोर्स तब खुला जाम।
।



उझानी, बदायूं 25 अगस्त ।
नगर का घंटाघर चौराहा एक बार फिर जाम के झाम में फंस गया। प्रशासन और पालिका की अनदेखी के चलते मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे घंटाघर चौराहे से लेकर पुरानी अनाज मंडी तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब आधे घंटे तक पूरा चौराहा जाम की चपेट में रहा। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली वाहनों और राहगीरों को उठानी पड़ी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर में छुट्टी के समय स्कूली वैन और ऑटो की संख्या बढ़ते ही चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई। दोनों तरफ से आए वाहनों के आमने-सामने आने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया। चौराहे पर बनी पुलिस पिकेट में तैनात पुलिसकर्मियों ने जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन अतिक्रमण और बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण वे नाकाम रहे।
लगभग 20 मिनट तक जाम में फंसे रहने के बाद किसी राहगीर ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार को सूचना दी। सूचना पर इंस्पेक्टर ने अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया जा सका। तब जाकर राहगीरों और स्कूली बच्चों ने राहत की सांस ली।
स्थानीय लोगों का कहना है कि घंटाघर चौराहे का जाम रोज की कहानी बन गया है। चौराहे के चारों तरफ अतिक्रमण, ठेलों का कब्जा और नो पार्किंग में खड़े वाहन इस जाम की बड़ी वजह हैं। इसके बावजूद पालिका और प्रशासन आंखें मूंदे हुए है। यह जाम अब जनता के लिए नासूर बन चुका है। लोगों ने प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की है।
राजेश वार्ष्णेय एमके।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com



