4:33 pm Tuesday , 25 August 2026
BREAKING NEWS

उझानी में अवैध अस्पतालों पर नोटिस का खेल, चार दिन बाद भी नहीं पहुंचा संचालक

उझानी में अवैध अस्पतालों पर नोटिस का खेल, चार दिन बाद भी नहीं पहुंचा संचालक।

तीन दिन में कागज दिखाने का दिया था नोटिस, सीएचसी तक नहीं पहुंचे दस्तावेज, विभाग ने साधी चुप्पी।

उझानी-बदायूं 25 अगस्त।

उझानी के बाईपास पर बिना रजिस्ट्रेशन संचालित हो रहे सत्यम नर्सिंग होम के मामले में स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई ठंडे बस्ते में जाती दिख रही है। शिकायत के बाद खानापूर्ति के लिए दिया गया तीन दिन का नोटिस बेअसर साबित हुआ है।

बताते चलें कि 21 अगस्त को सत्यम नर्सिंग होम की लिखित शिकायत के बाद शुक्रवार को सीएचसी अधीक्षक डॉ. देवेंद्र कुमार मौर्य के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम जांच को पहुंची थी। टीम ने अस्पताल संचालक डॉ. राजकमल से रजिस्ट्रेशन व अन्य वैध दस्तावेज मांगे थे। सूत्रों के मुताबिक संचालक मौके पर कोई भी वैध कागजात नहीं दिखा पाया था। जिसके बाद टीम ने तीन दिन के भीतर सीएचसी में आकर कागजात प्रस्तुत करने का नोटिस देकर इतिश्री कर ली थी।

विभाग के नोटिस को चार दिन बीत चुके हैं, लेकिन मंगलवार तक अस्पताल संचालक रजिस्ट्रेशन से संबंधित कोई भी कागजात लेकर सीएचसी नहीं पहुंचा है। ऐसे में विभाग का नोटिस महज कागजी कार्रवाई बनकर रह गया है।

इस कार्रवाई पर विभाग की मंशा पर भी सवाल उठ रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जिस बाईपास पर टीम जांच करने गई, वहां सत्यम हॉस्पिटल के ठीक बराबर में दो अन्य अस्पताल भी बिना मानकों के संचालित हो रहे हैं, लेकिन टीम ने उनकी ओर झांकना भी मुनासिब नहीं समझा। इस संबंध में पूछे जाने पर सीएचसी अधीक्षक का जवाब था- जल्दी में हैं, किसी और दिन देखेंगे।

स्वास्थ्य विभाग का नोटिस देकर मामले को मैनेज करने का यह खेल कोई नया नहीं है। नगर में एक दर्जन से अधिक अस्पताल और डायग्नोस्टिक सेंटर बिना रजिस्ट्रेशन व मानकों के धड़ल्ले से चल रहे हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या वाकई विभाग को इसकी जानकारी नहीं है या फिर जानबूझकर अनदेखी की जा रही है। लिखित शिकायत आने के बाद मजबूरी में की गई यह कार्रवाई भी अब लीपापोती में बदलती नजर आ रही है।

पूछे जाने पर सीएचसी अधीक्षक डॉ देवेन्द्र कुमार मोर्य का कहना है अभी तक संचालक से कोई दस्तावेज प्राप्त नहीं हुआ, जानकारी सीएमओ आफिस को दे दी गई है। जल्द कार्रवाई भी होगी।

राजेश वार्ष्णेय एमके

विज्ञापन एक्सप्रेस