एकादशी पर श्याममय हुआ श्री श्याम भवन बिल्सी
बिल्सी। नगर के मोहल्ला संख्या एक स्थित पटवा कॉलोनी में श्री श्याम भवन पर पुत्रदा एकादशी के पावन अवसर पर खाटू श्याम बाबा के भक्तों द्वारा भव्य संकीर्तन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर बाबा के चरणों में अपनी आस्था अर्पित की। संकीर्तन से पूर्व खाटू श्याम बाबा का आकर्षक श्रृंगार किया गया और भव्य दरबार सजाया गया। गद्दी संचालक शुभम माहेश्वरी ने भोग अर्पित कर बाबा की अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित की। इसके बाद श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया।कार्यक्रम का शुभारंभ गुरु वंदना से हुआ। इसके उपरांत भगवान गणेश, श्री हनुमान जी तथा राधा रानी की वंदना प्रस्तुत की गई। देर रात तक चले संकीर्तन में भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत किए, जिन पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए। पूरे कार्यक्रम के दौरान वातावरण भक्तिमय बना रहा। भक्ति संगीत की स्वर लहरियों ने मंदिर परिसर को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया,कई श्रद्धालु भजनों के साथ तालियां बजाते और बाबा श्याम के जयकारे लगाते नजर आए! देर रात बाबा की आरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। आयोजन में नगर से बड़ी संख्या में श्याम प्रेमी उपस्थित रहे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com



