7:02 pm Sunday , 23 August 2026
BREAKING NEWS

बदायूं में गंगा-रामगंगा उफान पर, 36 गांवों में बाढ़ से हाहाकार

बदायूं में गंगा-रामगंगा उफान पर, 36 गांवों में बाढ़ से हाहाकार।

बदांयू 23 अगस्त।

बदायूं में गंगा और रामगंगा नदी में जलवृद्धि का सिलसिला जारी है। बाढ़ का पानी तेजी से गांवों की ओर बढ़ रहा है, जिससे तीन तहसीलों के ग्रामीणों में दहशत है।

जिले में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से 16 सेमी ऊपर बह रहा है। उफान के चलते सदर, दातागंज और सहसवान तहसील के 36 गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। गांवों में पानी घुसने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

सबसे गंभीर स्थिति उसहैत क्षेत्र की है। यहां भुंडी पर तेजी से कटान हो रहा है, जिससे उसहैत बांध पर भी खतरा मंडरा रहा है। गंगा पार कदम नगला में भी कटान तेज है। यहां अब तक पांच पक्के मकान गंगा में समा चुके हैं और कई अन्य नदी के निशाने पर हैं। डूब क्षेत्र होने के कारण बाढ़ खंड ने कटान रोकने का काम शुरू नहीं किया है, ऐसे में ग्रामीण मजबूरी में अपने पक्के मकान खुद तोड़ रहे हैं।

रामगंगा में जलस्तर बढ़ने से गढ़िया रंगीन-हजरतपुर मार्ग के ऊपर से पानी बह रहा है, जिससे लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है।

बाढ़ खंड अधिकारियों के मुताबिक पहाड़ों और मैदानी इलाकों में हो रही बारिश से डैम फुल हो गए हैं। हरिद्वार, बिजनौर और नरौरा से गंगा में डिस्चार्ज बढ़ा दिया गया है, जिसके चलते सहायक नदियों में पानी छोड़ा जा रहा है और जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।

विज्ञापन एक्सप्रेस