11:41 pm Saturday , 22 August 2026
BREAKING NEWS

ट्रैप कार्रवाई पर रोक की मांग, तहसील में लेखपालों दिया धरना

ट्रैप कार्रवाई पर रोक की मांग, तहसील में लेखपालों दिया धरना
थानों पर आयोजित समाधान दिवस का किया बहिष्कार
बिल्सी। प्रदेश के लेखपालों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एसीओ), एंटी करप्शन एवं विजिलेंस टीम द्वारा की जा रही कथित गलत और अनुचित ट्रैप कार्रवाई को लेकर लेखपालों में आक्रोश है। लेखपालों ने ऐसी कार्रवाई पर रोक लगाने और शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
लेखपालों का कहना है कि वे राजस्व विभाग के अग्रिम पंक्ति के कर्मचारी हैं। गांव-गांव जाकर भूमि विवाद, पैमाइश, अतिक्रमण और अन्य राजस्व कार्यों का दायित्व निभाते हैं। कई बार नियमों के विपरीत काम नहीं करने पर संबंधित व्यक्ति अथवा दलाल उनसे रंजिश रखने लगता है। ऐसे में निजी स्वार्थ अथवा दुर्भावना के चलते झूठी शिकायत कर फंसाने का प्रयास किया जा सकता है।
लेखपालों का आरोप है कि कई मामलों में शिकायतकर्ता की पृष्ठभूमि, रंजिश, शिकायत के उद्देश्य और लेखपाल के वास्तविक अधिकार क्षेत्र की पर्याप्त जांच किए बिना ट्रैप कार्रवाई की जा रही है। हाल ही में 20 अगस्त को अयोध्या की तहसील सोहावल में लेखपाल उत्कर्षदीप के मामले को लेकर भी सवाल उठे हैं। लेखपालों ने मामले की निष्पक्ष जांच और भविष्य में कार्रवाई से पहले शिकायत का सत्यापन सुनिश्चित करने की मांग को लेकर एसडीएम राजेश कुमार सिंह को एक ज्ञापन भी सौंपा।
इस मौके पर अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह, मंत्री विजेंद्र पाल सिंह, दुर्गेश कुमार, हरिओम सिंह, सूरज कुमार भारती, प्रदीप कुमार, विनय कुमार, राजेंद्र कुमार, संजय कुमार, रणजीत सिंह, राजवीर, गरिमा सिंह, लवी भरद्वाज, ओमेंद्र सिंह, राघवेंद सिंह, शिवांक बाबू, विशाल यादव, पंकज कुमार, सूर्य प्रताप सिंह आदि लेखपाल मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस