बिल्सी। फ्यूचर लीडर्स स्कूल के केजी कक्षा के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों के लिए सिरासौल स्थित माँ खेड़े वाली मंदिर में शैक्षिक एवं आध्यात्मिक भ्रमण का आयोजन किया गया। भ्रमण का उद्देश्य बच्चों को कक्षा-कक्ष की शिक्षा से बाहर निकालकर धार्मिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक परिवेश से परिचित कराना था।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने माँ खेड़े वाली मंदिर में श्रद्धापूर्वक दर्शन किए और मंदिर परिसर की सुंदरता का आनंद लिया। बच्चों ने आसपास की हरियाली एवं प्राकृतिक वातावरण को उत्सुकता और प्रसन्नता के साथ देखा। प्रकृति के बीच समय बिताकर बच्चों में पर्यावरण के प्रति प्रेम, जिज्ञासा और संवेदनशीलता का विकास हुआ। नन्हे विद्यार्थियों ने पूरे भ्रमण के दौरान उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने अनुभव साझा किए।
इस अवसर पर शिक्षिकाओं खुशी, भावना, रश्मि, अनामिका सिंह एवं विश्व दीपक चौहान ने बच्चों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने विद्यार्थियों की सुरक्षा, अनुशासन एवं सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा तथा उन्हें मंदिर और प्राकृतिक परिवेश से संबंधित उपयोगी जानकारी दी।
स्कूल ट्रिप टीम ने मंदिर के महंत जी का हृदय से आभार व्यक्त किया तथा विद्यार्थियों के शैक्षिक एवं आध्यात्मिक भ्रमण को सफल एवं यादगार बनाने में उनके सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
विद्यालय के डायरेक्टर वी.पी. सिंह ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए केवल पुस्तकीय ज्ञान पर्याप्त नहीं है। शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों को वास्तविक जीवन के अनुभवों से जोड़ते हैं तथा उनमें सीखने की रुचि, आत्मविश्वास और सामाजिक समझ विकसित करते हैं।
एम.डी. राहुल कुमार सिंह ने कहा कि ऐसे भ्रमण बच्चों के लिए आनंद के साथ-साथ ज्ञान का भी माध्यम हैं। धार्मिक एवं प्राकृतिक स्थलों का भ्रमण विद्यार्थियों को हमारी संस्कृति, परंपराओं और प्रकृति के महत्व को समझने का अवसर प्रदान करता है।
प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार सिंह ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, संस्कृति और प्रकृति से जोड़ना है। इस प्रकार के भ्रमण बच्चों के मानसिक एवं सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
माँ खेड़े वाली मंदिर का यह भ्रमण नन्हे विद्यार्थियों के लिए ज्ञान, आस्था, प्रकृति और आनंद का सुंदर संगम रहा। बच्चों के चेहरों पर दिखाई दे रही खुशी और उत्साह ने इस शैक्षिक यात्रा को यादगार बना दिया।




bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com



