6:13 pm Thursday , 20 August 2026
BREAKING NEWS

गिरिधारी सिंह राठौर से प्रेरित होकर रघुराज सिंह ने लिया देहदान का संकल्प

गिरिधारी सिंह राठौर से प्रेरित होकर रघुराज सिंह ने लिया देहदान का संकल्प

बदायूं। राजकीय मेडिकल कॉलेज, बदायूं के एनाटमी विभाग में गुरुवार, 20 अगस्त को नगर पंचायत गुलड़िया निवासी 84 वर्षीय रघुराज सिंह पुत्र स्व. भीम सिंह ने देहदान का संकल्प लेकर समाज के सामने मानव सेवा की मिसाल पेश की। उन्होंने योग गुरु गिरिधारी सिंह राठौर से प्रेरित होकर देहदान का निर्णय लिया।

एनाटमी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मुकत्याज हुसैन एवं लैब टेक्नीशियन/बॉडी इंजेक्टर प्रमोद कुमार ने उनका पंजीकरण कराकर संकल्प पत्र भरवाया। इस दौरान उन्हें देहदान की प्रक्रिया एवं इसके महत्व की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. शिव कुमार, डॉ. अर्शिया मसूद सिद्दीकी, विभागाध्यक्ष, कम्युनिटी मेडिसिन विभाग तथा एनाटमी विभागाध्यक्ष डॉ. मुकत्याज हुसैन ने रघुराज सिंह को देहदान संकल्प का प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। प्रधानाचार्य ने उनके इस सराहनीय एवं मानवीय कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि देहदान चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और भावी चिकित्सकों के प्रशिक्षण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। मृत्यु के बाद शरीर के माध्यम से भी मानव सेवा में योगदान दिया जा सकता है।

देहदान से चिकित्सा शिक्षा को मिलेगा लाभ

प्रधानाचार्य ने बताया कि देहदान से मेडिकल छात्रों को मानव शरीर की वास्तविक संरचना का अध्ययन करने में मदद मिलती है। इससे भावी डॉक्टरों को बेहतर व्यावहारिक प्रशिक्षण मिलता है तथा चिकित्सा शिक्षा और शोध को बढ़ावा मिलता है। देहदान के माध्यम से मृत्यु के बाद भी व्यक्ति समाज और मानवता की सेवा करता रहता है। इससे आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा मिलती है और कुशल चिकित्सकों एवं सर्जनों के निर्माण में सहायता मिलती है। साथ ही शरीर की संरचना और रोगों को समझने से नई उपचार पद्धतियों एवं तकनीकों के विकास में भी योगदान मिलता है।

योग गुरु गिरिधारी सिंह राठौर ने कहा कि देहदान मानव सेवा का महान कार्य है। इसके माध्यम से व्यक्ति मृत्यु के बाद भी समाज और चिकित्सा जगत के लिए उपयोगी बना रहता है। मेडिकल कॉलेजों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को मानव शरीर की संरचना का प्रत्यक्ष अध्ययन करने का अवसर मिलता है, जिससे वे भविष्य में बेहतर चिकित्सक बन सकें।

उन्होंने रघुराज सिंह को इस उत्कृष्ट एवं प्रेरणादायक पहल के लिए बधाई देते हुए समाज के अधिक से अधिक लोगों से देहदान के प्रति जागरूक होने की अपील की। उन्होंने कहा कि देहदान का संकल्प लेने के इच्छुक लोग राजकीय मेडिकल कॉलेज, बदायूं के एनाटमी विभाग से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा गिरिधारी सिंह राठौर से मोबाइल नंबर 8630691200 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

कार्यक्रम में डॉ. पारूल सक्सेना, सहायक आचार्य, एनाटमी विभाग, डॉ. लालेन्द्र यादव, डॉ. ऋषभ सिंह, डॉ. अर्जित आर्य, डॉ. इतिशा चौधरी, सत्वीर सिंह, टिंकू कश्यप, रूबी गुप्ता, राकेश पाल, अशोक कुमार आदि उपस्थित रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस