।
उझानी-बदांयू 17 अगस्त।
सावन के तीसरे रविवार की रात कछला गंगा घाट पर कांवड़ियों की भारी भीड़ उमड़ी। बदांयू,बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, पूरनपुर,समेत कई जिलों से आए श्रद्धालुओं ने रातभर गंगा में डुबकी लगाकर जल भरा और “बम बम भोले, हर हर महादेव” के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
पिछले वर्षों में इस दिन यहां घंटों लंबा जाम लगता था, लेकिन इस बार प्रशासन की पुख्ता तैयारियों के चलते श्रद्धालुओं को किसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। कछला बाइपास और चौराहा से दो वैकल्पिक मार्ग दिए जाने से आवागमन सुगम रहा। सुरक्षा के मद्देनजर घाट से चार किलोमीटर पहले ही डीजे पर रोक लगा दी गई।
एसएसपी अंकिता शर्मा के निर्देश पर पुलिस ने ड्रोन के जरिए घाट और कछला पुल की लगातार निगरानी की। रातभर गंगा जल भरने के बाद कांवड़िए सोमवार को जलाभिषेक के लिए रवाना हो गए। आसमान से देखने पर कछला पुल पूरी तरह भगवामय नजर आ रहा था।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि भीड़ नियंत्रण और सुचारू यातायात के लिए किए गए इंतजामों की वजह से इस बार सोमवार की कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण संपन्न हुई।






bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com



