बिल्सी । बदायूं के बिल्सी में नगर और आसपास के ग्रामीण अंचल में सोमवार को नाग-पंचमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमडी, जहां लोगों ने भगवान शिव और नाग देवता का जलाभिषेक व दुग्धाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की। नगर के प्रसिद्ध हनुमानगढ़़ी मंदिर परिसर में नाग पंचमी को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। तड़के से ही श्रद्धालु हाथों में पूजा की थाली, दूध, जल, फूल-माला और बेलपत्र लेकर मंदिर पहंचने लगे। मंदिर परिसर बाबा भोलेनाथ और नाग देवता के जयकारों से गंज उठा।
भक्तों ने कतारबद्ध होकर शिवलिंग और नाग देवता की प्रतिमा पर दूध व जल अर्पित किया।
विशेषकर महिलाओं और युवाओं ने परिवार की सुख-शांति, आरोग्य और मनवांछित फल की प्राप्ति के लिए पूजा-अर्चना की और मन्नतें मांगीं। पूजा-अर्चना के बाद कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के बीच दूध, फल और मिष्ठान का प्रसाद वितरित किया गया। दिनभर चले इस पूजा-अर्चना के दौर से पूरे बिल्सी क्षेत्र का माहौल भक्तिमय बना रहा।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com



