बिल्सी: जंगल में लगे ट्यूबवेलों के सोलर प्लांट से 4 प्लेटें और 2 स्टार्टर चोरी, पुलिस जांच में जुटी।
बिल्सी बदांयू 15 अगस्त।
बदायूं जिले के बिल्सी थाना क्षेत्र में चोरों ने किसानों के ट्यूबवेलों को निशाना बनाया है। दिधौनी जंगल में बीती रात अज्ञात चोर दो किसानों के सोलर प्लांट से सौर ऊर्जा प्लेटें और स्टार्टर चुरा ले गए। शनिवार सुबह घटना का पता चलने पर किसानों में हड़कंप मच गया।
दिधौनी निवासी सुरेंद्र पुत्र नेमपाल ने बताया कि उनके ट्यूबवेल के सोलर प्लांट से चोर तीन सौर ऊर्जा प्लेटें और एक स्टार्टर चुरा ले गए। इसी जंगल में ही दूसरे किसान विपिन पुत्र नत्थूलाल के ट्यूबवेल के सोलर प्लांट से भी एक प्लेट और एक स्टार्टर गायब मिला। कुल मिलाकर चोर चार सोलर प्लेटें और दो स्टार्टर ले उड़े।
घटना की जानकारी मिलते ही किसानों ने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर बिल्सी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। दोनों किसानों की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
इस संबंध में बिल्सी कोतवाल मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरे और लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सोलर उपकरणों की चोरी से किसानों की सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो गई है। किसानों ने पुलिस से जल्द खुलासा कर चोरों को पकड़ने की मांग की है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com






