भारतीय हलधर किसान यूनियन महिला मोर्चा, बदायूं ने पुलिस प्रशासन को तिरंगा पटका पहनाकर किया सम्मानित
बदायूं, 15 अगस्त 2026।
स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर भारतीय हलधर किसान यूनियन महिला मोर्चा, बदायूं द्वारा देश एवं समाज की सुरक्षा में दिन-रात तत्पर रहने वाले पुलिस प्रशासन के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की गई।
महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष संध्या शुक्ला के नेतृत्व में महिला पदाधिकारियों ने स्थानीय पुलिस चौकियों एवं प्रमुख चौराहों पर पहुंचकर पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को तिरंगा पटका पहनाकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष संध्या शुक्ला ने कहा कि जिस प्रकार देश की सीमाओं पर हमारे जवान मातृभूमि की रक्षा के लिए मुस्तैद रहते हैं, उसी प्रकार पुलिसकर्मी आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए हर परिस्थिति में अपने कर्तव्य पर डटे रहते हैं। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ऐसे कर्मवीरों का सम्मान करना हमारे लिए गौरव की बात है।
भारतीय हलधर किसान यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव अवधेश लड्डा महेश्वरी ने महिला मोर्चा के इस सराहनीय एवं अभिनव प्रयास की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा—
“मातृशक्ति भारतीय हलधर किसान यूनियन की रीढ़ है। महिला मोर्चा सदैव नई सोच और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देता है। हमारे पुलिसकर्मी अपने पारिवारिक सुख-सुविधाओं को त्यागकर दिन-रात हमारी और हमारे परिवारों की सुरक्षा में तत्पर रहते हैं। ऐसे कर्मवीरों का सम्मान करना पूरे किसान संगठन के लिए गर्व की बात है। मैं भारतीय हलधर किसान यूनियन की ओर से सभी सुरक्षा कर्मियों को हृदय से नमन करता हूँ।”
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष संध्या शुक्ला, अनुज श्रीवास्तव, मनोज कुमार श्रीवास्तव, डंपी पाठक सहित संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com






