उझानी में स्वतंत्रता दिवस पर बिजली गुल: फीडर नंबर-2 की सप्लाई बंद, दुकानदार और आमजन परेशान।
कांवड़ सुरक्षा के नाम पर दिनभर कटौती, रात में भीड़ के बावजूद सप्लाई पर सवाल।
उझानी-बदांयू 15 अगस्त।
पूरा देश 15 अगस्त की खुशियां मना रहा है, लेकिन उझानी नगर के फीडर नंबर-2 से जुड़े हजारों उपभोक्ताओं के लिए स्वतंत्रता दिवस “अंधेरे और उमस” वाला दिन बन गया।
कल शुक्रवार को पूरे दिन बिजली आपूर्ति ठप रही। आज शनिवार सुबह 10 बजे से फिर से सप्लाई बंद कर दी गई। भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली न होने से बाजार, घर और दुकानदार सभी बेहाल हैं।
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि कल मौसम ने थोड़ी राहत दी थी। दिन में बारिश हो गई थी और मौसम ठंडा रहा, साथ में इन्वर्टर ने भी साथ दे दिया। लेकिन आज मौसम साफ है और उमस चरम पर है। बिना पंखे और कूलर के कारोबार ठप है। ग्राहक आकर लौट जा रहे हैं।
जेई अविनाश कुमार ने बताया कि कांवड़ियों की सुरक्षा को देखते हुए बड़ायूं रोड, स्टेशन रोड, घंटाघर मार्केट, हलवाई चौक और गंजशहीदा से मंडी समिति तिराहे तक की बिजली सप्लाई बंद की गई है। उनका कहना है कि कांवड़ के दौरान ऊंचे डीजे सिस्टम या ऊंची झांकी के तारों से टकराने से हादसे की आशंका रहती है, इसलिए यह कदम उठाया गया है।
प्रभावित क्षेत्र में मुख्य कछला रोड बाजार, स्टेशन रोड के प्रतिष्ठान और आसपास की कॉलोनियां शामिल हैं।
बिजली कटौती से नाराज लोगों ने बिजली विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाए। स्थानीय लोगों का तर्क है: “हेना बिजली विभाग का कमाल है। दिन में हादसा हो सकता है तो रात में नहीं? सबसे ज्यादा कांवड़ियों की टोलियां तो रात में ही निकलती हैं।
लोगों का कहना है कि अगर सुरक्षा ही कारण है तो 24 घंटे वैकल्पिक व्यवस्था या रात में भी कटौती होनी चाहिए। सिर्फ दिन में दुकानदारी और घरेलू कामकाज के समय बिजली काटना समझ से परे है।
स्वतंत्रता दिवस पर जहां पूरे देश में जश्न का माहौल था, वहीं उझानी के इस हिस्से में लोग इन्वर्टर,और पंखे के सहारे दिन गुजारने को मजबूर हैं।
राजेश वार्ष्णेय एमके






bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com






