बदायूं। अपर जिलाधिकारी प्रशासन अरुण कुमार की अध्यक्षता में 11 अगस्त 2026 को जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के निर्देशन में संचालित पैन इंडिया रेस्क्यू एवं पुनर्वास अभियान 4.0 के तहत बाल श्रम, मानव तस्करी और कठिन परिस्थितियों में रह रहे बच्चों एवं महिलाओं के संरक्षण को लेकर व्यापक समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने बताया कि जनपद में जुलाई माह से अब तक 11 निरीक्षण अभियान चलाए गए, जिनमें विभिन्न प्रतिष्ठानों से 12 बाल श्रमिकों को मुक्त कराया गया। संबंधित नियोक्ताओं के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई के लिए टिप्पणी भी जारी की गई है। अपर जिलाधिकारी ने अभियान को जनपद के कस्बों और अन्य क्षेत्रों में भी प्रभावी रूप से संचालित करने तथा बाल श्रम में लिप्त बच्चों को तत्काल रेस्क्यू करने के निर्देश दिए।
बैठक में सड़क पर मिलने वाले अनाथ, परित्यक्त अथवा आपात परिस्थितियों में रह रहे व्यक्तियों, भिक्षावृत्ति में शामिल लोगों तथा भिक्षावृत्ति के लिए बच्चों को नियोजित करने वालों के विरुद्ध संयुक्त अभियान चलाने पर भी चर्चा हुई। इसके लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर रेस्क्यू कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
जिला चिन्हांकन समिति द्वारा चिन्हित बच्चों एवं महिलाओं को यथासंभव उनके परिवार में पुनर्वासित करने अथवा महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित संस्थानों एवं महिला आश्रय गृहों में आवासित कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। चिकित्सा, समाज कल्याण, महिला कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, पुलिस, नगर निकाय और श्रम विभाग सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों को ऐसे स्थानों का भी चिन्हांकन करने के निर्देश दिए गए, जहां परिवारों, बच्चों अथवा महिलाओं के कठिन परिस्थितियों में मिलने की संभावना हो। इसके अलावा मानव एवं बाल तस्करी के मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए पीड़ितों को सुरक्षा, चिकित्सा, शिक्षा, परामर्श और पुनर्वास की सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
बैठक में जनपद में संचालित सभी कोचिंग सेंटरों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने तथा उनकी निगरानी सुनिश्चित करने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया गया।
इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी अभय कुमार, श्रम प्रवर्तन अधिकारी अमित मिश्रा, अध्यक्ष बाल कल्याण समिति नंद किशोर पाठक, सुयोग्य कुमार, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, आरपीएफ एवं जीआरपी के प्रभारी निरीक्षक, जिला समन्वयक सर्व शिक्षा अभियान पीसी श्रीवास्तव, प्रभारी निरीक्षक महिला थाना ज्योति सिंह, प्रभारी एंटी ट्रैफिकिंग यूनिट उदयवीर सिंह, संरक्षण अधिकारी जिला बाल संरक्षण इकाई रवि कुमार, वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक प्रतीक्षा मिश्रा, डीएमसी छबि वैश्य, चाइल्ड हेल्पलाइन के परियोजना समन्वयक कमल शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com

